मोतिहारी। नगर निगम क्षेत्र के हिंद्रि बाजार में शनिवार को नगर निगम द्वारा नव-निर्मित सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन महापौर श्रीमती प्रीति कुमारी ने किया। इस अवसर पर नगर पार्षद आतिश आनंद, निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 
महापौर प्रीति कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने और नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि बलुआ चौक, टाउन थाना के समीप एवं पानी टंकी परिसर में शौचालय का निर्माण कर संचालित किया जा रहा है। साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएंगे। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक शौचालयों का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।
महापौर ने आगे बताया कि निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में करीब 32 सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण हेतु निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शीघ्र ही इनका निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। इसके अतिरिक्त, महिलाओं के लिए 4 पिंक शौचालय भी विभागीय स्तर पर बनाए जाएंगे। इन सुविधाओं से खुले में शौच की समस्या दूर होगी और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे निगम द्वारा निर्मित सुविधाओं का जिम्मेदारी से उपयोग करें और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने भी निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता एवं विकास कार्यों की जानकारी दी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।









