महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विमेन्स क्रिएशन्स क्लब का 22वाँ समर फेयर भव्य रूप से सम्पन्न

16

रक्सौल /बीरगंज  महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा लघु एवं घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विमेन्स क्रिएशन्स क्लब द्वारा आयोजित 22वाँ समर फेयर प्रदर्शनी शनिवार को बीरगंज स्थित होटल सिद्धार्थ दियालो में भव्य रूप से सम्पन्न हुई।

क्लब की अध्यक्ष रूपा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में समाजसेवी जसपाल सिंह, नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ मधेश प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं उद्योगपति संजय अग्रवाल, वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष हरि गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष माधव राजपाल, पर्सा के प्रमुख जिला अधिकारी भोला दाहाल, आन्तरिक राजस्व कार्यालय बीरगंज के प्रमुख टीकाराज चौलागाईं, नेपाल–भारत मैत्री संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सिंधी, वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ उद्योगपति अशोक वैद्य, प्रभु अस्पताल की संचालिका डॉ. लक्ष्मी थापा सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसके अलावा क्लब की उपाध्यक्ष श्वेता गुप्ता, पूजा खत्री, मनीषा सचदेवा, नूतन सरावगी सहित क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योगपति, व्यवसायी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में नेपाल के विभिन्न जिलों तथा भारत से आए व्यवसायियों ने हस्तशिल्प, रेडीमेड एवं डिजाइनर परिधान, गृह सज्जा सामग्री, सौंदर्य प्रसाधन, खाद्य पदार्थ, आभूषण, घरेलू उत्पाद सहित विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए। आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी का अवलोकन करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

मुख्य अतिथि देवी सहाय मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियाँ महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ नेपाल और भारत के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐसे आयोजनों को अत्यंत प्रभावी बताया।

क्लब की सदस्य नूतन सरावगी ने कहा कि विमेन्स क्रिएशन्स क्लब पिछले 22 वर्षों से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुँचाने का प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार, महिला उद्यमियों की क्षमता विकास तथा आर्थिक सशक्तिकरण के लिए क्लब की निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई।

आयोजकों के अनुसार इस प्रदर्शनी ने स्थानीय एवं भारतीय व्यवसायियों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के विपणन का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

अभिलाष गुप्ता कि रिपोर्ट