रोटरी क्लब ऑफ वीरगंज का 39वाँ पदस्थापन समारोह संपन्न, राकेश मिश्र के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का गठन

13

रोटरी क्लब ऑफ वीरगंज का 39वाँ पदस्थापन (इंस्टॉलेशन) समारोह शनिवार को वीरगंज स्थित होटल भिस्वा में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ

समारोह में रोटरी क्लब ऑफ वीरगंज के वर्ष 2026–27 के अध्यक्ष के रूप में रोटेरियन राकेश मिश्र ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यक्रम रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3292 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (2026–27) रोटेरियन विष्णु बहादुर कार्की के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।

पदस्थापन समारोह के अवसर पर अध्यक्ष रोटेरियन राकेश मिश्र के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में रोटेरियन श्वेता गुप्ता को सचिव, रोटेरियन गोपाल खेतान को इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट, रोटेरियन दीनदयाल केडिया को प्रेसिडेंट-इलेक्ट, रोटेरियन अमित कुमार गुप्ता को उपाध्यक्ष, रोटेरियन पियुष गुप्ता को संयुक्त सचिव, रोटेरियन डॉ. अमर केयाल को कोषाध्यक्ष, रोटेरियन डॉ. प्रेरणा प्रियदर्शिनी को संयुक्त कोषाध्यक्ष, रोटेरियन सोहन पोद्दार को क्लब एडमिनिस्ट्रेशन डायरेक्टर, रोटेरियन अभिषेक चौधरी को सदस्यता निदेशक, रोटेरियन रणजेश श्रेष्ठ को क्लब एडमिनिस्ट्रेशन समिति का संयोजक तथा रोटेरियन पूजा खत्री को सदस्यता समिति का संयोजक बनाया गया। इसके अलावा विभिन्न समितियों एवं उपसमितियों में भी सदस्यों का मनोनयन किया गया।

समारोह में नेपाल एवं भारत के विभिन्न स्थानों से रोटरी क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त विभिन्न सामाजिक हस्तियों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, पेशेवरों तथा आमंत्रित अतिथियों ने भी समारोह में सहभागिता दर्ज कराई।

मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन विष्णु बहादुर कार्की ने अपने संबोधन में रोटरी की मानवीय सेवा, नेतृत्व विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन राकेश मिश्र ने अपने कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण तथा सामुदायिक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रोटरी के आदर्श “सेवा ही सर्वोपरि” की भावना को आत्मसात करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए क्लब निरंतर कार्य करता रहेगा।

समारोह के दौरान निवर्तमान कार्यकारिणी से नई कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से दायित्व हस्तांतरित किया गया। इस अवसर पर क्लब के उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, शुभकामना संदेशों तथा आपसी सौहार्दपूर्ण मिलन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।