श्रद्धा, सुरक्षा और सेवा का संगम: बाबा सोमेश्वरनाथ धाम में राजकीय श्रावणी मेले का भव्य आगाज़

205

अरेराज (पूर्वी चंपारण)। उत्तर बिहार के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में बुधवार को राजकीय श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बोल बम’ के गगनभेदी जयघोष के बीच हुआ। एक माह तक चलने वाले इस राजकीय मेले का उद्घाटन गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सोमेश्वरनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर सह महामंडलेश्वर स्वामी रविशंकर गिरि ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए मेले के सफल आयोजन की कामना की।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजू तिवारी ने कहा कि बाबा सोमेश्वरनाथ धाम केवल बिहार ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और नेपाल सहित विभिन्न राज्यों के लाखों शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी शिवभक्तों की सेवा और सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बताया कि पूरे श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर और कांवड़िया पथ पर स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, नियमित सफाई, फॉगिंग, स्वास्थ्य शिविर, सहायता केंद्र एवं मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन एवं जलाभिषेक में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को विभिन्न ज़ोन एवं सेक्टरों में विभाजित कर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। मंदिर परिसर, गर्भगृह, प्रवेश एवं निकास द्वारों के साथ-साथ प्रमुख कांवड़िया मार्गों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, दंडाधिकारी एवं सुरक्षा जवान तैनात किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे सक्रिय रखा गया है। वहीं चेन स्नेचिंग, उचक्कागिरी और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मियों तथा क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की भी विशेष तैनाती की गई है।

इस अवसर पर अरेराज अनुमंडल पदाधिकारी अंजली शर्मा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार, अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी, नगर पंचायत अध्यक्ष अमितेश पाण्डेय सहित जिला एवं अनुमंडल प्रशासन के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रावणी मेले के शुभारंभ के साथ ही बाबा सोमेश्वरनाथ धाम पूरी तरह शिवमय हो उठा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालु सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।