उत्पाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इंग्लिश चौक पर 6 लीटर से अधिक विदेशी शराब के साथ एक धंधेबाज गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त

103

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में उत्पाद पुलिस थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान मौके से एक धंधेबाज को भी गिरफ्तार किया गया है, जो मोटरसाइकिल से शराब की तस्करी कर रहा था।

इंग्लिश चौक पर हुई छापेमारी

मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पहाड़पुर थाना क्षेत्र के इंग्लिश चौक पर शराब की एक खेप आने वाली है। सूचना मिलते ही उत्पाद पुलिस थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के निर्देश पर A.S.I अजीत कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल की एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंग्लिश चौक पर घेराबंदी कर दी और संदिग्धों पर नजर रखने लगी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी।

शराब और मोटरसाइकिल जब्त

जांच के दौरान टीम ने मोटरसाइकिल से 06.480 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद कर उसे जब्त कर लिया। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरकार्ड (पंजीकरण संख्या- BR22Z6251) को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

नौतन का रहने वाला है गिरफ्तार अभियुक्त

मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हरिनारायण यादव (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्व. मोहन यादव का पुत्र है और थाना- नौतन, जिला- पश्चिमी चम्पारण के बरियारपुर (वार्ड नंबर- 06) का निवासी बताया जा रहा है।

मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज

उत्पाद पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा-30(a) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य नेटवर्क और मुख्य सप्लायर का पता लगाया जा सके। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।