अरेराज और पहाड़पुर में शांति समिति की बैठक, डीजे पर प्रतिबंध और सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद

36

अरेराज/पहाड़पुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अरेराज अनुमंडल के अरेराज एवं पहाड़पुर थाना परिसरों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। दोनों बैठकों में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पर्व को शांति और सद्भाव के साथ मनाने का संकल्प लिया।

अरेराज थाना परिसर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संचालित किए जाएंगे। ताजिया जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाला जाएगा तथा पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।

थानाध्यक्ष ने कहा कि पर्व के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री को साझा करने से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर अध्यक्ष रंटू पांडेय, पूर्व नगर अध्यक्ष मंटू दुबे, नगर उपाध्यक्ष आजाद मियां, वार्ड पार्षद झुना पांडेय, श्रवण दास सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

वहीं, पहाड़पुर थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अजय कुमार ने की। बैठक में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया। थानाध्यक्ष ने कहा कि मोहर्रम का त्योहार शांति, अनुशासन और भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने सरकार एवं प्रशासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है या जबरन डीजे बजाने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही त्योहार के दौरान सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

अजय कुमार ने लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस त्वरित कार्रवाई कर किसी भी अप्रिय घटना को रोक सकती है।

दोनों बैठकों में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी और सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।