अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद: उत्पाद थाना अरेराज की टीम ने कार व 168 लीटर चुलाई शराब के साथ धंधेबाज को दबोचा

93

अरेराज (पूर्वी चम्पारण): जिला प्रशासन व मद्यनिषेध विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ छेड़े गए अभियान के क्रम में उत्पाद थाना अरेराज को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। उत्पाद थानाध्यक्ष नितेश कुमार के कुशल नेतृत्व में की गई त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मटियरिया गांव से 168 लीटर अवैध देशी चुलाई शराब जब्त की है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त करने के साथ ही एक शराब तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

घटनाक्रम की जानकारी देते हुए उत्पाद थानाध्यक्ष सह निरीक्षक नितेश कुमार ने बताया कि मटियरिया इलाके में चार पहिया वाहन से अवैध शराब की आपूर्ति किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। प्राप्त सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थल पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रही मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार (रजिस्ट्रेशन संख्या BR01AZ1065) को रोककर तलाशी ली गई, तो कार के भीतर से 168.000 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई।

मौके से गिरफ्तार शराब तस्कर की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पंचभिरवा गांव (वार्ड नंबर 05) निवासी राजू सहनी के पुत्र मनोज सहनी के रूप में की गई है। आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 (संशोधित 2018) की धारा-30(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

इस पूरी छापेमारी कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश कुमार के साथ सहायक अवर निरीक्षक (A.S.I.) अजीत कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक (A.S.I.) उत्पल कुमार तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान मुस्तैदी से तैनात रहे।