गुरु पूर्णिमा पर साईं बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, रात्रि जागरण व महाप्रसाद में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

9

मोतिहारी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर के  मिसकौर्ट स्थित साईं बाबा मंदिर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की अपार आस्था और भक्ति से सराबोर नजर आया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने साईं बाबा के चरणों में मत्था टेककर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की

कार्यक्रम के दौरान मंदिर में विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न हुई। इसके बाद पूरी रात भव्य साईं जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। “साईं राम” के जयघोष और भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालु देर रात तक भजन-कीर्तन में झूमते रहे।

आयोजन समिति के सदस्य डॉ. पी. के रॉव, राजेश कुमार, ओम प्रकाश, अरुण जायसवाल, शिवा जी गुप्ता, अविनाश गुप्ता

द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी। दर्शन के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं तथा सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक लगातार सक्रिय रहे। मंदिर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था, जिसने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में चावल एवं चने का छोला वितरित किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया और आयोजन समिति की सराहना की। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तों में उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।