काठमांडू में तीसरा अंतरराष्ट्रीय आदिवासी भाषा पत्रकारिता सम्मेलन होगा आयोजित

51

रक्सौल / नेपाल  नेपाल आदिवासी जनजाति पत्रकार महासंघ (फोनिज) के आयोजन तथा नेवाः पत्रकार राष्ट्रीय मंच और सार्क जर्नलिस्ट फोरम के सहयोग से तीसरा अंतरराष्ट्रीय आदिवासी भाषा पत्रकारिता सम्मेलन–2026 आगामी 9 से 12 अगस्त तक काठमांडू में आयोजित किया जाएगा।

काठमांडू के नयाँबजार में आयोजित तैयारी बैठक में सम्मेलन की प्रारंभिक रूपरेखा और कार्ययोजना सार्वजनिक की गई। इस अवसर पर फोनिज के महासचिव समीर बलामी ने सम्मेलन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि कार्यक्रम की तैयारियाँ तीव्र गति से जारी हैं।

आयोजकों के अनुसार, इस सम्मेलन में दुनिया के लगभग 40 देशों से आदिवासी भाषाओं में पत्रकारिता करने वाले पत्रकार, संचारकर्मी, शोधकर्ता और विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन में आदिवासी भाषा पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों, अवसरों और भविष्य की रणनीतियों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

चार दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में पैनल चर्चा, शोधपत्र प्रस्तुति, सांस्कृतिक झाँकी, शोभायात्रा, नेपाल के ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण तथा पारंपरिक नेपाली व्यंजनों के प्रचार-प्रसार जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।

आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी भाषा पत्रकारिता का विकास और व्यावसायीकरण, मातृभाषा आधारित पत्रकारिता को सरकारी नीतियों में स्थान दिलाने के लिए पहल करना तथा इस क्षेत्र में नेपाल की उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष प्रस्तुत करना है। इसके साथ ही आदिवासी भाषाओं, लिपियों, संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण, अध्ययन एवं अनुसंधान को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।