किसानों के साथ खेत में उतरे परिषद के सदस्य, धान की रोपाई कर अन्नदाताओं का बढ़ाया सम्मान

53

रक्सौल। समाज सेवा को गाँव की चौपाल तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल द्वारा प्रारंभ किए गए “चलें गाँव की ओर” अभियान का शुभारंभ गुरुवार को कनना ग्राम पंचायत स्थित किसान अनिरुद्ध सिंह के खेत में धान की रोपाई के साथ किया गया।

इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किसानों के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई की तथा उनके श्रम, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में योगदान को नमन करते हुए अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। परिषद की ओर से सभी किसानों को जलपान के लिए अंकुरित चना, मूंग एवं गुड़ भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम में कनना ग्राम पंचायत के मुखिया जफीर अहमद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने की, जबकि सफल संचालन एवं संयोजन पर्यावरण संयोजक विजय कुमार साह ने किया।

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार, सहयोग और समर्पण की भावना पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा गाँवों में बसती है और गाँवों के सर्वांगीण विकास से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

उन्होंने बताया कि “चलें गाँव की ओर” अभियान के माध्यम से परिषद ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करने वाले कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करेगी।

पर्यावरण संयोजक विजय कुमार साह ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि प्रकृति के वास्तविक संरक्षक भी हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि परिषद का यह अभियान समाज और गाँवों के बीच आत्मीय संबंधों को और अधिक मजबूत करेगा।

इस दौरान मुखिया जफीर अहमद को परिषद की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने परिषद की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों का गाँवों की ओर बढ़ना समय की आवश्यकता है। जब समाज किसानों के साथ खड़ा होगा, तभी समावेशी विकास की अवधारणा साकार होगी।

किसान अनिरुद्ध सिंह ने परिषद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के साथ खेत में उतरकर कार्य करना उनके श्रम का वास्तविक सम्मान है। इससे समाज और किसानों के बीच आत्मीयता एवं विश्वास का रिश्ता और अधिक मजबूत होगा।

परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने कहा कि परिषद की पहचान केवल आयोजनों से नहीं, बल्कि समाज के बीच जाकर किए जाने वाले सेवा कार्यों से बनती है। उन्होंने कहा कि “चलें गाँव की ओर” अभियान परिषद की सेवा यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाएंगे। परिषद का प्रयास है कि सेवा का प्रत्येक अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और प्रत्येक नागरिक स्वयं को राष्ट्र निर्माण का सहभागी महसूस करे।

इस अवसर पर सुनील कुमार, अजय कुमार एवं प्रशांत कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि परिषद का सेवा एवं संस्कार अभियान गाँव-गाँव तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा एवं संस्कार जागरूकता, स्वास्थ्य जाँच एवं जन-जागरूकता शिविर, महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा, वरिष्ठ नागरिक सम्मान, सामाजिक समरसता, स्वच्छता एवं जल संरक्षण तथा राष्ट्रभक्ति एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में उमेश सिकारिया, सुनील कुमार, बिमल कुमार सर्राफ, विजय कुमार साह, अजय कुमार, प्रशांत कुमार, दिनेश प्रसाद, विनोद कुमार, अशोक कुमार तथा किसान अनिरुद्ध सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

यह जानकारी शाखा के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने संयुक्त रूप से दी।