मोतिहारी में सेल टैक्स की बड़ी कार्रवाई, जीएसटी फेल होने के बावजूद दो साल से चल रहा था कारोबार, राहुल इंटरप्राइजेज पर छापेमारी से हड़कंप

484

मोतिहारी में कर चोरी के खिलाफ सेल टैक्स विभाग ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा बरियारपुर में हवाई अड्डा के ठीक सामने स्थित राहुल इंटरप्राइजेज पर जोरदार छापेमारी की है। यह प्रतिष्ठान मनोज कुमार यादव का बताया जा रहा है, जो बड़ा बरियारपुर में डीलर के रूप में काम करने वाले यादव लाल राय के पुत्र बताए जाते हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।   

सेल टैक्स विभाग की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, राहुल इंटरप्राइजेज का जीएसटी पिछले करीब दो वर्षों से फेल पाया गया, इसके बावजूद धड़ल्ले से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। बिना वैध जीएसटी के कारोबार करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सरकार को भारी राजस्व का नुकसान भी होता है।

छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान के कागजात, बिल-बाउचर, लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और स्टॉक से संबंधित कई अहम रिकॉर्ड खंगाले। टीम ने कंप्यूटर सिस्टम और रजिस्टरों की भी बारीकी से जांच की। सूत्रों का कहना है कि दस्तावेजों में कई अनियमितताएं सामने आई हैं, जो कर चोरी की ओर इशारा करती हैं।

मौके पर मौजूद सेल टैक्स विभाग के वरीय पदाधिकारी ने बताया कि इस मामले में विभागीय जांच प्रक्रिया जारी है। सभी तथ्यों और दस्तावेजों की गहन जांच के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोषी पाए जाने पर संबंधित कारोबारी पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटेंगे।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी खलबली मच गई है। कई व्यापारी अपने-अपने कागजात दुरुस्त करने में जुट गए हैं। सेल टैक्स विभाग की इस सख्ती से यह साफ संकेत गया है कि कर चोरी करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। चाहे प्रतिष्ठान कितना भी बड़ा या प्रभावशाली क्यों न हो, नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई तय है।

गौरतलब है कि सरकार लगातार कर प्रणाली को मजबूत करने और राजस्व बढ़ाने की दिशा में सख्त कदम उठा रही है। ऐसे में बिना वैध जीएसटी के कारोबार करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि ईमानदार करदाताओं के साथ भी अन्याय है।

मोतिहारी में हुई इस कार्रवाई को सेल टैक्स विभाग की अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। आने वाले दिनों में जांच पूरी होने के बाद और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल विभाग की कार्रवाई से साफ है कि कर चोरी करने वालों की अब खैर नहीं।