मोतिहारी। हरपुर पंचायत के वार्ड नंबर 10 में लोहिया स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सफाई का काम कर रहे बसंत पासवान इन दिनों अपने मेहनताना भुगतान के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। मामला इंडियन पोस्टल पेमेंट बैंक के खाते से जुड़ा है, जिसमें एक छोटी सी लापरवाही ने गरीब सफाईकर्मी को आर्थिक संकट में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार, बसंत पासवान ने इंडियन पोस्टल पेमेंट बैंक में खाता खुलवाया था। खाते से जुड़ा कार्ड बथना के पोस्ट मास्टर प्रमोद कुमार द्वारा बनाया गया। इसी दौरान कार्ड पर अंक लिखने में गड़बड़ी हो गई। आरोप है कि पोस्ट मास्टर ने कार्ड नंबर में 2 की जगह 9 अंक लिख दिया। इसी कारण जब लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत जिले से भुगतान जारी किया गया, तो वह राशि बसंत पासवान के खाते में जाने के बजाय रामनारायण प्रसाद नामक व्यक्ति के खाते में चली गई। बताया जाता है कि गलत खाते में कुल 23,800 रुपये ट्रांसफर हो गए।
इस मामले को लेकर बसंत पासवान ने कई बार बैंक और पोस्ट मास्टर से गुहार लगाई। जब उन्होंने पोस्ट मास्टर प्रमोद कुमार से मुलाकात की तो उन्होंने गलती स्वीकारते हुए नया कार्ड जारी कर दिया। बावजूद इसके, भुगतान अब तक वापस नहीं मिल पाया है। इस वजह से सफाईकर्मी बसंत पासवान अपने मेहनताना के लिए इधर-उधर चक्कर लगाने को मजबूर हैं।










