पूसा के वैज्ञानिकों ने सुगौली चीनी मिल का औचक निरीक्षण किया

202

सुगौली ईख अनुसंधान संस्थान पूसा के वैज्ञानिक डॉक्टर सिद्धनाथ सिंह, डॉक्टर नवनीत कुमार, डॉक्टर संजीव कुमार सिंन्हा और डॉक्टर अनिल कुमार ने गन्ना निगरानी और सलाहकार सेवा परियोजना के अंतर्गत एचपीसीएल बायोफ्यूल्स लिमिटेड, सुगौली का औपचारिक दौरा किया। इस क्रम में, वैज्ञानिकों की एक टीम ने सेनुअरिया, कठैया माधोपुर, भटहा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया और शरद कालीन गन्ना बुवाई के खेतों में गन्ना फसल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, वैज्ञानिकों ने किसानों से मिलकर कीट बीमारियों और फसल प्रबंधन के बारे में जानकारी प्रदान की।

किसानो की समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान किया। भविष्य में गन्ना की खेती के लिए तकनीकों का व्यवहार जैसे उपयुक्त बीज का चुनाव, बिजोपचार, पौधा से पौधा की दूरी, एक अथवा दो आँख के टुकड़ों की बुआई एवं अन्य सस्य क्रियाओं की जानकारी दी। भविष्य में पौधा सरक्षण करने के बारे में किसानो को नवीनतम जानकारियों से अवगत कराया।

किसानों ने गन्ने में लगने वाली लालसर रोग के प्रति अपनी चिंता जाहिर की जो काफी हानि पहुँचा रही है। डॉ सिद्धनाथ सिंह, पौधारोग् विशेषज्ञ ने इस बीमारी के प्रबंधन हेतु जानकारी दी एवं ट्राईकोडर्मा जैव नियंत्रक से बीजोपचार, मिट्टी उपचार, हरी खाद का खेतों में प्रयोग, नीम एवम् करंज की खली का व्यवहार का विशेष रूप से सलाह दिया। डॉ नवनीत कुमार सस्य वैज्ञानिक ने सस्य क्रियाओं के बारें में तथा डॉ अनिल कुमार कीट वैज्ञानिक ने गन्ना के विभिन्न अवस्थाओं में लगने वाले कीटों से बचाव हेतु किसानो को सुझाव दिया। वैज्ञानिकों ने इस परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी और बताया की इससे गन्ना किसानों को बहुत फायदा होगा। वैज्ञानिकों के इस दल के साथ क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, माधोपुर के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ संजीव कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों को मिट्टी से संबंधित विभिन्न जानकारियों से अवगत कराया। एचपीसीएल बायोफ्यूल्स लिमिटेड इकाई सुगौली के महाप्रबंधक  विजय कुमार दीक्षित एवं उप महाप्रबंधक गन्ना  शैलेन्द्र कुमार मिश्रा ने वैज्ञानिक दल का स्वागत किया एवं इस महत्वपूर्ण भ्रमण के लिए धन्यवाद ज्ञापन सौंपा। उप गन्ना प्रबंधक  संजीव कुमार एवं  हरिश्चंद श्रीवास्तव ने भ्रमण दल के साथ खेतों का मुयायना किया।