भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी होने और नेपाल में वर्षा जारी होने के कारण जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देश पर संबंधित अधिकारी/अभियंता कल रात से बाढ़ नियंत्रण, सिकरहना तटबंध और जल निसरण प्रमंडल के तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं और स्थिति पर ध्यान दे रहे हैं।
यह ध्यान देने योग्य है कि वाल्मीकि नगर बैराज बेसीन के क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा के कारण जल स्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा जिले के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आसपास के निवासियों को सावधान किया जा रहा है। पूर्वी चंपारण जिले में एनडीआरएफ की पूरी टीम किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। जिलाधिकारी श्री सौरभ जोरवाल व्यक्तिगत रूप से पल-पल की गतिविधियों पर ध्यान दे रहे हैं।
एडीएम आपदा राजेश्वरी पांडेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्र में पहुंचकर स्थानीय अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा ले रहे हैं। किसी भी आपदा स्थिति में एडीएम आपदा के मोबाइल 9973646094, जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष/मोबाइल नंबर 06252-242418/9199972558 या आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन नंबर 0612-2294204 और टोल फ्री नंबर 1070 पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है।










