अरेराज(पूर्वी चंपारण): मलाही थाना पुलिस ने तत्परता और कुशल रणनीति का परिचय देते हुए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से जुड़े एक संगीन मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष सौरभ कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अपहरण मामले के एक फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही अपहृता को भी सकुशल बरामद करने में सफलता पाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिलांतर्गत झगहा थाना में पंजीकृत कांड संख्या 526/26, धारा 87 (बीएनएस) के तहत नामजद अभियुक्त सन्नी यादव (पिता- लोरिक यादव) घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। इस दौरान मलाही पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि अभियुक्त अपहृता खुशी यादव (पिता- सुभग यादव) के साथ क्षेत्र में छिपा हुआ है। उल्लेख्य है कि अभियुक्त और अपहृता दोनों ग्राम मुण्डेरा ठुकराई, थाना झगहा, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष सौरभ कुमार के दिशा-निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए ठिकाने पर घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्त सन्नी यादव को धर दबोचा और उसके कब्जे से अपहृता को सुरक्षित मुक्त कराया।
मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष सौरभ कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त एवं बरामद अपहृता के संबंध में उत्तर प्रदेश की झगहा थाना पुलिस को सूचित कर दिया गया है। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु यूपी पुलिस के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है। मलाही पुलिस की इस त्वरित व सटीक कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना की जा रही है।










