दुर्गा पूजा को लेकर अरेराज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील

155

अरेराज। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए रविवार को अरेराज थाना प्रांगण में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पंकज कुमार मिश्रा ने की। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पूजा समितियों के प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात, पंडालों की निगरानी और प्रतिमा विसर्जन जुलूस के व्यवस्थित संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और रणनीति तैयार की गई।

एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा ने पूजा समितियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी पंडालों में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाए और आग से बचाव (अग्निशमन) के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने साफ किया कि विसर्जन जुलूस के लिए तय रूट, मानकों और प्रशासनिक नियमों का पालन करना हर हाल में अनिवार्य होगा।

एसडीपीओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

वहीं, थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने सुरक्षा तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जाएगी।

इस बैठक में नगर अध्यक्ष रंटू पांडेय, नगर उपाध्यक्ष आज़ाद मियाँ, झुना पांडेय, मनोज दुबे, सुभाष मिश्रा, प्रिंस गुप्ता समेत सभी वार्ड पार्षद एवं स्थानीय प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने आपसी एकता और सामाजिक सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने का सामूहिक संकल्प लिया….