अरेराज में सनसनी: महिला की हत्या कर शव जलाने का प्रयास, पुलिस ने चिता बुझाकर पति, भैसुर व सास को किया गिरफ्तार*पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज थाना क्षेत्र अंतर्गत शर्मा टोला (वार्ड नंबर-06) में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को गुपचुप तरीके से जलाए जाने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि, पुलिस की त्वरित सक्रियता और मुस्तैदी से जलती चिता को बुझाकर शव के अवशेष को कब्जे में ले लिया गया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी को गुप्त सूचना मिली कि शर्मा टोला में एक महिला की हत्या कर दी गई है और साक्ष्य छुपाने की नीयत से परिजन शव को जबरन जलाने के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु मृतिका के घर पर छापेमारी की। पुलिस जब वहां पहुंची तो घर पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ था और परिवार का कोई भी सदस्य मौके पर मौजूद नहीं था।
घर पर किसी के न मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आस-पड़ोस के लोगों से गहन पूछताछ की, जिससे पता चला कि शव को अंतिम संस्कार के नाम पर गांव के ही एक बांसवाड़ी (बांस के बगीचे) में ले जाया गया है। पुलिस टीम तुरंत हरकत में आते हुए बांसवाड़ी पहुंची, जहां महिला का शव धू-धू कर जल रहा था। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर तुरंत पानी का प्रबंध किया और जलती चिता को बुझाकर शव को अपने नियंत्रण में ले लिया।
इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। FSL की टीम और स्थानीय अंचलाधिकारी (CO) अरेराज की मौजूदगी में जले हुए शव के अवशेषों का वैज्ञानिक मुआयना किया गया और उसे सुरक्षित पॉलीथीन में पैक कर आगे के वैज्ञानिक परीक्षण तथा पोस्टमॉर्टम हेतु मुजफ्फरपुर भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
दूसरी ओर, घटना को अंजाम देकर भागने की फिराक में लगे आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने फौरन जाल बिछाया। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतिका के पति चुन्नू कुमार शर्मा, भैसुर पंकज शर्मा (दोनों के पिता अजय शर्मा) और सास विद्या देवी (पति अजय शर्मा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई के लिए स्थानीय ग्रामीणों द्वारा अरेराज पुलिस की काफी सराहना की जा रही है।
अरेराज में सनसनी: महिला की हत्या कर शव जलाने का प्रयास, पुलिस ने चिता बुझाकर पति, भैसुर व सास को किया गिरफ्तार








