हरसिद्धि में पुलिस का आधी रात को बड़ा ‘ऑपरेशन’: अपराधियों की साजिश नाकाम, एक गिरफ्तार

53

अरेराज:- हरसिद्धि थाना पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक अपराधी को अवैध हथियार, 1 जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मोतिहारी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में हरसिद्धि थाना पुलिस को 2 जुलाई 2026 की रात गुप्त सूचना मिली कि मठलोहियार चौक पर कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक अपराधी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार अपराधी की पहचान बबलू कुमार (21 वर्ष), पिता:- लक्ष्मण साह, निवासी:- मठलोहियार, थाना:- हरसिद्धि, जिला:- पूर्वी चम्पारण के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, 1 जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट और बिना वैध कागजात की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस का कहना है कि फरार हुए अपराधियों की पहचान कर ली गई है। सभी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस मामले में हरसिद्धि थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस सफल अभियान में अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार, हरसिद्धि थाना के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार तथा सिपाही प्रिंस कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे।