गौ-सेवा के साथ लायंस क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रो सिटी ने किया नए सत्र का शुभारंभ

52

रक्सौल / बीरगंज सेवा और समर्पण की भावना को सर्वोपरि रखते हुए लायंस क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रो सिटी (डिस्ट्रिक्ट 325 एस) ने अपने लायन सत्र 2026-27 का शुभारंभ गौ-सेवा के साथ किया। क्लब की अध्यक्षा लायन पिया सिंह के नेतृत्व में जीतपुर गौशाला, रानीघाट (बीरगंज) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गौशाला में आश्रित गायों को हरा चारा, फल, रोटी एवं अन्य खाद्य सामग्री खिलाई गई। इस अवसर पर सेवा, करुणा एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब की अध्यक्षा लायन पिया सिंह ने कहा कि किसी भी नए सत्र की शुरुआत सेवा कार्यों से करना लायंस संगठन की गौरवशाली परंपरा रही है। गौ-सेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और जीवों के प्रति संवेदनशीलता ही सच्ची मानवता का परिचय देती है। उन्होंने कहा कि क्लब पूरे सत्र में समाज हित एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों को प्राथमिकता देगा।

कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट एक्जीक्यूटिव को-चीफ एवं लायंस क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रोसिटी के चार्टर प्रेसिडेंट एमजेएफ लायन अशोक बेरीवाल ने कहा कि लायंस क्लब का मूल उद्देश्य निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करना है। सेवा कार्यों से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है।

इस अवसर पर क्लब की सचिव लायन नेल्सन भंडारी, संयुक्त सचिव लायन प्रसिद्धि आनंद सिंह, लायंस क्लब ऑफ बीरगंज परिवार के पूर्व अध्यक्ष एवं जोनल चेयरपर्सन लायन नरोत्तम पाण्डेय, लायन पीयूष दारुका, लायन श्वेता गुप्ता एवं लायन श्रुति गुप्ता सहित अनेक सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322 ई के जोनल चेयरपर्सन सह डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एवं लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के पूर्व अध्यक्ष लायन बिमल सर्राफ तथा लायन पूनम सर्राफ ने शुभकामना प्रेषित करते हुए क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हर नई शुरुआत सकारात्मक ऊर्जा, सेवा और नेक कार्यों के साथ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “गौ माता की सेवा ही नारायण की सेवा है” तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर ऐसे सेवा कार्यों में सहभागी बनना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लायंस सदस्यों ने समाज में सेवा, करुणा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया तथा पूरे सत्र में जनहित एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर संचालित करने का निर्णय लिया।