अरेराज एसडीपीओ ने की अपराध समीक्षा बैठक, वारंटियों की गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने का दिया सख्त निर्देश

15

अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रवि कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण अनुमंडलीय अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानों के थानाध्यक्ष और सर्किल इंस्पेक्टर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसडीपीओ ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की सघन समीक्षा की और सभी पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मामलों की जांच में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीपीओ रवि कुमार ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्धों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय से जारी वारंटों का तामिला जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए और फरार चल रहे वारंटियों व दागी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी और शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वाले माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई करने की बात कही।

बैठक के समापन पर एसडीपीओ ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों में आने वाले फरियादियों और आम जनता की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उन्होंने जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिसिंग को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने पर बल दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में हरसिद्धि सर्किल इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह, पहाड़पुर सर्किल इंस्पेक्टर मुनीर आलम, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार, अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी, मलाही थानाध्यक्ष सुमन भारती और संग्रामपुर थानाध्यक्ष अनूप कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।