अरेराज के नए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने संभाला पदभार

10

अनुमंडल मुख्यालय स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र में नए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) के रूप में सत्यवीर सुमन ने विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने कार्यालय के कर्मियों से परिचय प्राप्त किया और प्रखंड की शैक्षणिक व्यवस्था की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। गौरतलब है कि सत्यवीर सुमन वर्तमान में अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी अरेराज के पद पर भी कार्यरत हैं, और अब उन्हें प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पदभार संभालने के बाद नए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा गुणात्मक शिक्षा सुनिश्चित करना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी व शैक्षणिक योजनाओं का लाभ समय पर छात्र-छात्राओं तक पहुंचाना और विद्यालयों में शिक्षकों व छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराना उनकी कार्ययोजना में शामिल है। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा कार्यालय के विभिन्न कर्मियों और स्थानीय शिक्षकों ने नए अधिकारी का स्वागत किया तथा उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।