अरेराज:( हरसिद्धि )पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया हत्या का सफल उद्भेदन, मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार

106

अरेराज। पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना अंतर्गत ग्राम मठ लोहियार में एक युवक की नृशंस हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 9 मई 2026 की सुबह हरसिद्धि पुलिस को सूचना मिली कि मठ लोहियार छ्तवनिया टोला (वार्ड नंबर 7) में नहर के किनारे एक फूस के घर में 26 वर्षीय युवक अजय पटेल, पिता ध्रुव पटेल का शव फंदे से लटका हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोतिहारी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरेराज, हरसिद्धि थाना पुलिस, FSL टीम और श्वान दस्ता ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और अनुसंधान प्रारंभ किया।
पुलिसिया जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के मात्र दो घंटे के भीतर मुख्य आरोपी तब्यू खातून को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि मृतक के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। उसने अपने सहयोगी मो. असलम मियां व अन्य के साथ मिलकर अजय पटेल की मारपीट कर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने और हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक के गले में फंदा लगाकर उसे लटका दिया था। इतना ही नहीं, घर में गिरे खून के धब्बों को छिपाने के लिए उस स्थान को मिट्टी से ढंक दिया गया था।
FSL की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं, जिसमें दरवाजे से रक्त के नमूने और फंदे के रूप में इस्तेमाल की गई रस्सी के अवशेष शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक स्मार्ट मोबाइल, एक जोड़ी चप्पल और एयरबड्स भी बरामद किए हैं।
इस छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरेराज रवि कुमार के नेतृत्व में पु0नि0 अजय कुमार,थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पु.अ.नि. नेहा वर्षा, अपर थानाध्यक्ष राजेश कुमार, परि. पु.अ.नि. अविनाश कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार महिला तब्यू खातून (22 वर्ष), पति मो. असलम मियां, साकिन मठ लोहियार की रहने वाली है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी कर रही है।