कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने जहरीली शराब कांड से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों को निजी स्तर पर आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
राज्यसभा सांसद ने रघुनाथपुर थाना और तुरकौलिया थाना क्षेत्र के बालगंगा, गदरिया, मुसहरी टोला, परसौना, शंकरसरैया, हरदिया तथा शेखशरणटोला सहित कई प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने जहरीली शराब से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और परिवार के सदस्यों को सांत्वना देते हुए हर स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया। उनके साथ कांग्रेस के स्थानीय नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
इस दौरान सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में लागू शराबबंदी कानून पूरी तरह विफल साबित हो चुका है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी लागू हुए लगभग दस वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद आज भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में खुलेआम शराब की बिक्री जारी है, जो सरकार और प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और सरकार की मिलीभगत से अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है, जिसके कारण आए दिन निर्दोष लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब से हो रही लगातार मौतें इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार इस गंभीर समस्या को नियंत्रित करने में असफल रही है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात कही।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि इस गंभीर मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इस मामले को उठाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन चलाएगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, सरकारी सहायता तथा दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर कांग्रेस शाषिभूषण राय उर्फ गप्पू राय ने बताया कि पार्टी लगातार प्रभावित गांवों का दौरा कर रही है और पीड़ित परिवारों की हर संभव सहायता की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुखद घटना को लेकर गंभीर है और जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती तथा पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।










