मोतिहारी: गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर पूर्वी चंपारण पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह के साथ मोतिहारी स्थित चरखा पार्क का दौरा किया।
चरखा पार्क पहुंचने पर विजय गोयल का भव्य स्वागत किया गया। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए चंपारण की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मोहनदास करमचंद गांधी को “महात्मा” बनाने वाली धरती चंपारण ही है। यहीं से गांधी जी ने सत्य और अहिंसा का संदेश पूरे देश और दुनिया तक पहुंचाया।
गोयल ने कहा कि चंपारण सिर्फ एक ऐतिहासिक स्थान नहीं, बल्कि विचारों की वह भूमि है, जहां से आज भी समाज को दिशा मिलती है। उन्होंने बताया कि गांधी जी के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता आंदोलन के समय थे। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे गांधी जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं।
इस दौरान विजय गोयल ने राधामोहन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गांधी जी के विचारों को आत्मसात कर उसे धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राधामोहन सिंह ने न सिर्फ चरखा पार्क का विकास किया, बल्कि पूरे मोतिहारी को गांधी जी के विचारों का एक जीवंत अध्ययन केंद्र बना दिया है। “सच्चे अर्थों में राधामोहन सिंह आज के गांधी हैं,” गोयल ने यह कहते हुए उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की।
उन्होंने आगे बताया कि उनका यह दौरा तीन दिनों का है, जिसमें वे चंपारण के विभिन्न ऐतिहासिक और सामाजिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। गोयल ने जानकारी दी कि अगले दिन वे चंद्रहिया, पिपरकोठी, मधुबन और बड़हरवा लाखनसेन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा करेंगे और स्थानीय लोगों से संवाद भी करेंगे।
गौरतलब है कि महात्मा गांधी से जुड़े सभी प्रमुख संस्थानों के अध्यक्ष देश के प्रधानमंत्री होते हैं, जबकि विजय गोयल गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष के रूप में इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका यह दौरा गांधी विचारधारा के प्रचार-प्रसार और उससे जुड़े स्थलों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, महात्मा गांधी फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। चरखा पार्क परिसर में गांधी जी के विचारों और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। इस दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर भी काफी उत्सुकता बनी हुई है, और इसे चंपारण के विकास व पहचान को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।










