मोतिहारी जिले के 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह एक सुखद सूचना है कि केंद्र सरकार ने उनके लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को स्वास्थ्य सेवाओं के लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सरल बना दिया है। भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा इस संबंध में एक पत्र जारी किया गया है।
इस निर्णय के अनुसार अब देश के सभी 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, उन्हें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड जारी किया जाएगा, जिससे वे पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्राप्त कर सकेंगे।
सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार सिंह ने कहा कि बुजुर्गों की पहचान आधार कार्ड के अनुसार की जाएगी ताकि 70 साल से अधिक उम्र के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सरकार की योजना का लाभ मिल सके। यह जनहित में सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। आयुष्मान भारत योजना के तहत कई गंभीर बीमारियों का इलाज आसानी से हो सकेगा।
जयंत कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक, प्रधानमंत्री जन अरोग्य योजना ने कहा कि आयुष्मान कार्ड निकटतम ग्राहक सेवा केंद्र या मोबाइल के माध्यम से घर बैठे बनाया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जो बुढ़ापे में आर्थिक तंगी के कारण इलाज के लिए असमर्थ होते हैं।










