शीतलहर के साथ मोतियाबिंद ऑपरेशन की लहर: अब समय है गुणवत्ता की ओर बढ़ने का

18

डॉ. आदित्य प्रसाद कंसल्टेंट नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं ऑक्यूलोप्लास्टिक सर्जन सिद्धि आई सेंटर, बीरगंज, नेपाल संपर्क: +977 9804161801

बिहार के सीमावर्ती इलाकों में छठ पूजा समाप्त होते ही एक अलग ही नजारा देखने को मिलता है। सुबह-शाम कुहासा और ठंडी हवाओं के साथ-साथ आंखों के अस्पतालों एवं नेत्र चिकित्सा केंद्रों में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगती है। खासकर मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने वालों की संख्या अचानक बढ़ जाती है।

हमारे यहां मजाक में कहा जाता है कि सर्दियों में दो तरह की बसें खूब दिखाई देती हैं—एक, जो शादी-ब्याह में बारातियों को लेकर जाती हैं और दूसरी, जो मोतियाबिंद के मरीजों को लेकर अस्पताल पहुंचती हैं! खासकर नेपाल से सटे बिहार के सीमावर्ती इलाकों में यह दृश्य काफी आम है।

लेकिन सवाल है कि आखिर लोग मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए सर्दियों का ही इंतजार क्यों करते हैं?

इसका एक ऐतिहासिक कारण है। पहले मोतियाबिंद की सर्जरी में आंख पर बड़ा चीरा लगाया जाता था। घाव भरने में समय लगता था और ऑपरेशन के बाद काफी सावधानियां बरतनी पड़ती थीं। गर्मियों में पसीना, धूल और तेज गर्मी के कारण देखभाल कुछ मुश्किल होती थी। सर्दियों में इन सावधानियों का पालन अपेक्षाकृत आसान था। धीरे-धीरे यह एक परंपरा बन गई।

लेकिन चिकित्सा विज्ञान अब बहुत आगे बढ़ चुका है। आज फेकोइमल्सिफिकेशन (Phacoemulsification) जैसी आधुनिक तकनीक से बहुत छोटे चीरे द्वारा मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाता है। अधिकांश मामलों में टांके लगाने की भी जरूरत नहीं पड़ती। बेहतर उपकरणों, संक्रमण नियंत्रण और आधुनिक शल्य चिकित्सा पद्धतियों के कारण साल के किसी भी मौसम में सुरक्षित ऑपरेशन संभव है।

इसलिए मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए सर्दियों का इंतजार करना अब जरूरी नहीं है। हां, सर्दियों में कम पसीना आना और ऑपरेशन के बाद कुछ सावधानियों का पालन करना अपेक्षाकृत आसान होना व्यावहारिक फायदे जरूर हैं। लेकिन अगर मोतियाबिंद बढ़ रहा है और दृष्टि प्रभावित हो रही है, तो केवल मौसम के इंतजार में इलाज टालना उचित नहीं है।

क्या मोतियाबिंद के पकने का इंतजार करना चाहिए?

आज भी बहुत से लोग मानते हैं कि मोतियाबिंद पूरी तरह पकने के बाद ही ऑपरेशन कराना चाहिए। यह धारणा अब सही नहीं है। आधुनिक तकनीक में मोतियाबिंद के पकने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं होती। अधिक देर करने से मोतियाबिंद कठोर हो सकता है और ऑपरेशन कठिन हो सकता है। कुछ मामलों में आंखों का दबाव बढ़ने जैसी जटिलताएं भी हो सकती हैं।

इसके अलावा, दृष्टि कम होने का कारण हमेशा मोतियाबिंद ही नहीं होता। डायबिटीज से रेटिना की बीमारी, ग्लूकोमा और आंखों की अन्य समस्याएं भी दृष्टि को प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए समय पर विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है।

आंखों के शिविरों से गुणवत्ता आधारित उपचार तक का सफर

भारत और नेपाल के सीमावर्ती तथा ग्रामीण इलाकों में आंखों के शिविरों का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को इन शिविरों के माध्यम से दृष्टि मिली है। कई लोगों के लिए ये शिविर किसी वरदान से कम नहीं रहे हैं।

वर्षों से शिविर आयोजित करने वाले संस्थानों, अनुभवी नेत्र सर्जनों और स्वास्थ्यकर्मियों ने इस क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है। उचित मरीज चयन, जरूरी जांच, संक्रमण नियंत्रण, प्रशिक्षित टीम और ऑपरेशन के बाद फॉलोअप की व्यवस्था हो तो शिविरों में भी सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार संभव है।

लेकिन अब समय के साथ हमारी प्राथमिकताओं पर विचार करने की जरूरत है।

आज बिहार के अधिकांश जिलों और नेपाल के तराई एवं मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में आंखों के अस्पताल और उपचार केंद्र पहले की तुलना में अधिक उपलब्ध हैं। आधुनिक मशीनें, अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ और बेहतर शल्य चिकित्सा सुविधाएं अब पहले से कहीं अधिक सुलभ हैं। सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और विभिन्न बीमा सुविधाओं ने भी उपचार की पहुंच बढ़ाई है।

ऐसे में अब हमारी सफलता का पैमाना केवल यह नहीं होना चाहिए कि कितने मरीजों का ऑपरेशन किया गया, बल्कि यह भी होना चाहिए कि ऑपरेशन के बाद मरीज कितना बेहतर देख पा रहा है और उसके जीवन में कितना सकारात्मक बदलाव आया है।

अब समय है—Quantity से Quality Eye Care की ओर बढ़ने का।

इसका अर्थ यह नहीं है कि आंखों के शिविरों की उपयोगिता समाप्त हो गई है। दुर्गम ग्रामीण, पहाड़ी और ऐसे क्षेत्रों में जहां आज भी विशेषज्ञ सेवाओं की पहुंच नहीं है, वहां शिविरों की आवश्यकता पहले की तरह बनी रहेगी। लेकिन जहां नियमित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां मरीजों को उनकी जरूरतों के अनुरूप उपचार का अवसर मिलना चाहिए।

हर आंख अलग है, तो इलाज एक जैसा कैसे हो सकता है?

मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए आने वाले दो मरीजों की समस्या देखने में एक जैसी हो सकती है, लेकिन उनकी आंखों की स्थिति और आवश्यकताएं अलग-अलग हो सकती हैं।

किसी मरीज को डायबिटीज है, किसी को हाई ब्लड प्रेशर। किसी की आंखों के पर्दे (Retina) में समस्या है, तो किसी को ग्लूकोमा भी हो सकता है। कुछ मरीजों में मोतियाबिंद के अलावा दूसरी बीमारियां भी दृष्टि कम होने का कारण हो सकती हैं। यहीं पर व्यक्तिगत उपचार (Personalised Eye Care) की महत्ता सामने आती है।

इसका उद्देश्य शिविरों का विकल्प बनना या किसी खास तरह के अस्पताल को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि हर मरीज को उसकी बीमारी और जरूरत के अनुसार उचित उपचार उपलब्ध कराना है।

विस्तृत जांच के माध्यम से यह पता लगाया जा सकता है कि दृष्टि कम होने का कारण केवल मोतियाबिंद है या कोई अन्य बीमारी भी मौजूद है। आधुनिक Diagnostic Tools की सहायता से रेटिना और आंखों की अन्य संरचनाओं का मूल्यांकन किया जा सकता है। इसके आधार पर शल्य चिकित्सा की योजना बनाई जाती है।

आज मोतियाबिंद के उपचार में Monofocal, Toric, Multifocal और EDOF जैसे विभिन्न प्रकार के कृत्रिम लेंस उपलब्ध हैं। हर मरीज के लिए महंगा या अत्याधुनिक लेंस जरूरी नहीं है। किसी के लिए सामान्य लेंस सबसे उपयुक्त हो सकता है, जबकि किसी दूसरे मरीज को उसकी जीवनशैली और दृष्टि संबंधी जरूरतों के अनुसार अलग विकल्प की आवश्यकता हो सकती है।

बिना इंजेक्शन के केवल आई ड्रॉप्स से आंख को सुन्न करके भी आधुनिक तकनीक द्वारा ऑपरेशन संभव है। उचित मरीज चयन और विशेषज्ञ की सलाह से उपचार को अधिक सुविधाजनक और जरूरत के अनुरूप बनाया जा सकता है।

व्यक्तिगत उपचार का एक और महत्वपूर्ण लाभ यह है कि मरीज को अपनी बीमारी, उपचार के विकल्प, संभावित परिणाम और जोखिमों को समझने का पर्याप्त अवसर मिलता है। ऑपरेशन के बाद नियमित निगरानी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त उपचार भी सुनिश्चित किया जा सकता है।

आखिरकार, मोतियाबिंद का ऑपरेशन केवल धुंधला लेंस निकालने तक सीमित नहीं होना चाहिए। हमारा उद्देश्य मरीज को उसकी सर्वोत्तम संभव दृष्टि और बेहतर जीवन गुणवत्ता प्रदान करना होना चाहिए।

मरीजों को क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?

मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने से पहले कुछ बातें हमेशा ध्यान में रखें:

* किसी योग्य नेत्र विशेषज्ञ से जांच कराएं और सुनिश्चित करें कि दृष्टि कम होने का कारण वास्तव में मोतियाबिंद ही है।

* ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक की योग्यता और अनुभव के बारे में जानकारी रखें।

* अपनी आंखों और जरूरतों के अनुसार उपयुक्त लेंस का चुनाव विशेषज्ञ की सलाह से करें।

* ऑपरेशन के बाद दवाओं और सावधानियों का पूरी तरह पालन करें।

* नियमित फॉलोअप कराएं। अचानक दृष्टि कम होने, तेज दर्द या अत्यधिक लालिमा होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।

अंत में छठ पूजा के बाद शुरू होने वाली मोतियाबिंद ऑपरेशन की लहर हमारे क्षेत्र की पुरानी पहचान है। लेकिन अब चिकित्सा विज्ञान बदल चुका है और हमारी सोच में भी बदलाव आना चाहिए।

आंखों के शिविरों ने समाज को बहुत कुछ दिया है और जहां उनकी जरूरत है, वहां वे आगे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। साथ ही, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता के साथ हमें उपचार की गुणवत्ता, व्यक्तिगत जरूरतों और दीर्घकालीन परिणामों पर भी समान ध्यान देना होगा।

आखिरकार, सफलता इस बात में नहीं है कि कितनी आंखों का ऑपरेशन हुआ, बल्कि इस बात में है कि कितने लोगों की जिंदगी बेहतर हुई।

आंँखें अनमोल हैं। इनके इलाज में केवल कीमत देखकर निर्णय न लें। सही समय पर विशेषज्ञ की सलाह लें और अपनी दृष्टि के स्वास्थ्य से कभी समझौता न करें। इस सर्दी में हर घर में खुशियों की रोशनी बनी रहे, बुजुर्गों की आंखों में फिर से चमक लौटे और हर व्यक्ति को स्पष्ट दृष्टि के साथ आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर मिले।

आप सभी को स्वस्थ आंखों, बेहतर दृष्टि और खुशहाल जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं!