गणतंत्र दिवस पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की अनोखी पहल

15

बीरगंज : गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीरगंज महानगरपालिका वार्ड संख्या 13 स्थित राधेमाई के साउथजोन माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच कराई गई।

विद्यालय प्रशासन की ओर से बताया गया कि विद्यार्थियों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए वर्ष में तीन से चार बार नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में नाक, कान, गला तथा फुल बॉडी चेकअप किया गया। विद्यालय ने यह भी जानकारी दी कि आने वाले दिनों में दंत परीक्षण और आँखों की जांच के लिए भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

तीन दिनों तक चलने वाले इस स्वास्थ्य जांच अभियान के पहले दिन कुल चार विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों की जांच की। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. उमेश कुमार कुशवाहा, डॉ. प्रमोद कुमार राम, डॉ. मुकुंद जायसवाल, डॉ. सन्नी फारुख अंसारी तथा डॉ. सुशील कुमार ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य स्थिति की जांच करते हुए आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया।

कार्यक्रम विद्यालय के संचालक एवं प्रिंसिपल सरोज प्रसाद चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न अस्पतालों से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बच्चों के स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की और उन्हें स्वस्थ रहने के महत्वपूर्ण उपाय बताए।

जांच के दौरान चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा संतुलित भोजन और नियमित व्यायाम अपनाने की सलाह दी। डॉक्टरों ने कहा कि छोटी उम्र से ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव में मददगार साबित होता है।

विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल अशोक संग्रौला ने बताया कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से बच्चों में अनुशासन, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने यह भी बताया कि आगे भी विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक विकास में भी सकारात्मक भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय प्रशासन की सराहना की तथा इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।