200 बच्चों के बीच हुई एनीमिया की जांच

19

60 से अधिक छात्राओं में हेमोग्लोबिन कम पाया गया, स्वस्थ रहने के बताए गए उपाय

भारत विकास परिषद के शिविर में बालिकाओं को दी गई पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, समय पर जांँच कराने की अपील

रक्सौल। भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के एनीमिया मुक्त बिहार अभियान के तहत बृहस्पतिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रक्सौल के सहयोग से शहर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित पीएम श्री कस्तूरबा बालिका +2 उच्च विद्यालय, रक्सौल में मध्यान्तर में नि:शुल्क एनीमिया जांँच सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ तथा कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार ने किया। गौरतलब है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजीव रंजन के नेतृत्व में पहुंँची चिकित्सकीय टीम ने विद्यालय की पंजीकृत छात्राओं का वजन माप कर हीमोग्लोबिन जांँच की तथा उन्हें एनीमिया से बचाव के चिकित्सीय उपायों की जानकारी के साथ नि:शुल्क दवा दी। बता दें कि शिविर के लिए विद्यालय की ओर से 200 छात्राओं का पंजीकरण कराया गया था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत विकास परिषद के शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि बालिकाएं समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। उनका स्वस्थ एवं सशक्त होना परिवार, समाज और देश के विकास के लिए बेहद जरूरी है। किशोरावस्था में एनीमिया की समस्या को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। कई बार कमजोरी, थकान और चक्कर आने जैसे लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। नियमित स्वास्थ्य जांँच और संतुलित पोषण से इस समस्या की समय रहते पहचान एवं उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के ध्येय के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य कर रही है। यह शिविर भी परिषद के सेवा-संकल्प की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

विशेष आमंत्रित अतिथि एवं लायंस क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रो सिटी की अध्यक्षा लायन पिया सिंह ने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देना समय की मांँग है। इस तरह के स्वास्थ्य शिविर से छात्राओं में जागरूकता बढ़ती है और उन्हें अपनी सेहत के प्रति सजग रहने की प्रेरणा मिलती है। समाज सेविका श्रीमती नीता गुप्ता ने कहा कि किशोरियों में एनीमिया की समस्या को दूर करने के लिए परिवार, विद्यालय और सामाजिक संगठनों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। बालिकाओं को पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार ने भारत विकास परिषद एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इससे छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ समय पर जांँच कराने की प्रेरणा मिलती है। वरीय शिक्षक पवन किशोर कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी छात्राओं के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एनीमिया से बचाव के लिए खानपान में सुधार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांँच जरूरी है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजीव रंजन ने छात्राओं को एनीमिया के लक्षण, कारण, बचाव एवं संतुलित आहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें हरी पत्तेदार सब्जियां, दाल, चना, मौसमी फल तथा आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन एवं फोलिक एसिड के सेवन तथा नियमित स्वास्थ्य जांँच कराने की आवश्यकता बतायी गयी। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य की चिकित्सीय टीम में डॉ. रीतेश कुमार, डॉ. साहिदा अजीज, अली इरफान फार्मासिस्ट, रूचि कुमारी ,एएनएम दीपराज एलटी, नीलेश कुमार एलटी, फार्मासिस्ट कुमार यश एवं डाटा ऑपरेटर मुकेश कुमार ने नि:शुल्क एनीमिया जाँच शिविर को सफलीभूत करने में अहम योगदान दिया।

मौके पर कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ, विनोद कुमार, अजय कुमार, नीता गुप्ता, लायंस क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रो सिटी की अध्यक्षा लायन पिया सिंह तथा संयुक्त सचिव लायन प्रसिद्धि आनंद सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकगण अरविंद कुमार, हम्माद मोहम्मद शमून, कन्हैया कुमार, इब्रारुल हक,

बड़ा बाबू कुमार पांडे, सुमन कुमारी,दीपिका कुमारी, मुकेश पंडित एवं विधालय की छात्राएं उपस्थित रहीं। इसकी जानकारी परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी है।