ढाका हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा, पति ही निकला पत्नी का हत्यारा!

112

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी कुन्दन कुमार को किया गिरफ्तार, सुनसान जगह पर ले जाकर हत्या करने का आरोप

मोतिहारी/ढाका। पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र में महिला के लापता होने से जुड़े मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने मृतका के पति कुन्दन कुमार, पिता बिंदेश्वरी महतो, निवासी ओला मजीरवा, थाना लखौरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को गड्ढा खोदकर दफनाने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 की रात ढाका थाना क्षेत्र के करसहिया गांव निवासी भगत प्रसाद कुशवाहा, पिता स्वर्गीय चन्नु महतो, ने थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी पुत्री के लापता होने की सूचना दी थी। आवेदन में बताया गया कि उसकी पुत्री को उसके पति कुन्दन कुमार ने रात में फोन कर घर के पास बुलाया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी करते हुए कुन्दन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी पत्नी को पैसे और मोबाइल का लालच देकर एक सुनसान स्थान पर बुलाकर ले गया था। इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर पुआल के ढेर के पास ले गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बिना बेट वाले कुदाल के पिछले हिस्से से सिर पर वार कर उसे बेहोश किया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी ने अपने साथ लाए गए कुदाल में बेट लगाकर गड्ढा खोदा और शव को उसमें दफना दिया। घटना के संबंध में पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बिना बेट का कुदाल, मृतका के कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद सामान को जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा महज तीन दिनों के भीतर होने की बात सामने आई है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई और उसे गिरफ्तार किया गया।