वायरल ऑडियो ने मचाया हड़कंप, सुगौली थाने के SI शैलेश कुमार निलंबित

11

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र से पुलिस विभाग से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए सुगौली थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक शैलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला जमीन विवाद से जुड़े एक प्रकरण में कथित तौर पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में 4 हजार रुपये लेने से संबंधित बातचीत का बताया जा रहा है।

वायरल ऑडियो के बाद शुरू हुई जांच              सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे ऑडियो में कथित तौर पर एक पुलिस पदाधिकारी और दूसरे व्यक्ति के बीच बातचीत सुनाई देने का दावा किया गया। बातचीत में जमीन विवाद से जुड़े मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने तथा मामले को समाप्त करने के बदले रुपये लेने की बात सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

वायरल ऑडियो के संदर्भ में पु.अ.नि. मुन्ना कुमार, पर्यवेक्षी पदाधिकारी सुगौली से जांच कराई गई। जांच के दौरान सामने आया कि 7 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने जमीन विवाद के संबंध में सुगौली थाना में आवेदन दिया था। महिला ने झोपड़ी में आग लगाने और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक शैलेश कुमार द्वारा की जा रही थी।

जांच में सामने आई गंभीर बातें

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान उक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में 4 हजार रुपये लेने से संबंधित बातचीत की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने प्रथम दृष्टया शैलेश कुमार की संलिप्तता को गंभीर आचरण का मामला माना।

पुलिस की छवि धूमिल करने का आरोप

पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस तरह के आचरण से आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति अविश्वास और असंतोष की भावना उत्पन्न होती है। यह पुलिस आचरण, विभागीय अनुशासन और निर्धारित नियमों के विपरीत माना गया है। पुलिस की छवि और गरिमा को प्रभावित करने वाले इस मामले को विभाग ने गंभीरता से लिया है।

तत्काल प्रभाव से निलंब

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत पु.अ.नि. शैलेश कुमार, सुगौली थाना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

24 घंटे में देनी होगी रिपोर्ट

पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल को सौंपी गई है। उन्हें मामले की जांच कर 24 घंटे के भीतर जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।

फिलहाल वायरल ऑडियो से शुरू हुआ यह मामला पुलिस विभाग की कार्रवाई के बाद और गंभीर हो गया है। अब सबकी नजर रक्सौल SDPO की जांच रिपोर्ट पर है। जांच के बाद मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई क्या होती है, यह रिपोर्ट सामने आने के बाद स्पष्ट होगा।