मोतिहारी सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान पार्षद (एमएलसी) डॉ. राहुल राज ने शिक्षकों की न्यायसंगत एवं वर्षों से लंबित मांगों को पूरा कराने के उद्देश्य से एनडीए सरकार का समर्थन करते हुए देश के रक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता श्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान डॉ. राहुल राज ने उनका स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
आत्मीय मुलाकात के दौ डॉ. राहुल राज ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों और लंबे समय से लंबित मांगों को विस्तारपूर्वक रक्षा मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर प्रभावी पहल के लिए मार्गदर्शन भी लिया। 
डॉ. राहुल राज ने शिक्षकों के वेतन एवं अनुदान भुगतान, वित्त रहित शिक्षकों की समस्याओं, सेवा-सुरक्षा, पुरानी पेंशन व्यवस्था, पदोन्नति तथा वेतन विसंगति सहित अन्य महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है। शिक्षकों के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और अधिकारों की अनदेखी कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, वह उनके लिए केवल राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक बड़ा नैतिक दायित्व है। शिक्षकों की आवाज को विधान परिषद से लेकर सरकार के उच्चतम स्तर तक मजबूती से पहुंचाना और उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने डॉ. राहुल राज को उनकी जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। डॉ. राहुल राज ने कहा कि राजनाथ सिंह का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद उन्हें लंबे समय से मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात में भी रक्षा मंत्री ने एक अभिभावक की तरह स्नेह प्रदान करते हुए शिक्षकों से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुना और मार्गदर्शन दिया।
डॉ. राहुल राज ने विश्वास जताया कि वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन और सहयोग से शिक्षकों की जायज मांगों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने तथा उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल को गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और भविष्य से जुड़े मुद्दे उनके लिए केवल चुनावी विषय नहीं, बल्कि निरंतर संघर्ष और प्रतिबद्धता का संकल्प हैं। चुनाव के दौरान किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए सड़क से सदन तक शिक्षकों की आवाज बुलंद करने का प्रयास आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।








