नेपाल संवत् 1147 के अवसर पर वीरगंज में भव्य रूप से मनाया गया ‘न्हूँदँया भिन्तुना’ कार्यक्रम : लालबाबू सिंह

13

वीरगंज, पर्सा | 10 नवंबर 2026 (24 कार्तिक 2083)

नेपाल संवत् 1147 के अवसर पर वीरगंज में ‘न्हूँदँया भिन्तुना’ कार्यक्रम हर्षोल्लास, उत्साह और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं तथा सांस्कृतिक उल्लास के साथ नगर परिक्रमा की।

नेवा: देय् दबू, जिला कार्यसमिति पर्सा के आयोजन में मंगलवार को वीरगंज स्थित शंखधर साख्वा पार्क से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यहाँ से नववर्ष की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करते हुए नगर परिक्रमा की गई। इसके बाद सभी प्रतिभागी पुनः शंखधर साख्वा पार्क पहुँचे, जहाँ कार्यक्रम का समापन हुआ।

‘भाषा, संस्कृति और पूर्वजों का गौरव, नेपाल संवत् राष्ट्रीय गौरव’ के मूल नारे के साथ आयोजित कार्यक्रम में नेपाल संवत् के प्रवर्तक एवं राष्ट्रीय विभूति शंखधर साख्वा के योगदान को याद किया गया। उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इसके साथ ही शुभकामना आदान-प्रदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य-संगीत और नगर परिक्रमा के माध्यम से नववर्ष का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि वीरगंज महानगरपालिका के मेयर राजेशमान सिंह ने कहा कि नेपाल संवत् हम सभी का साझा गौरव और ऐतिहासिक धरोहर है। इसका संरक्षण एवं संवर्धन करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आपसी सहयोग और सामाजिक एकता पर जोर देते हुए नेपाल संवत् 1147 के अवसर पर सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना की। साथ ही आयोजन के लिए आयोजक परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

आयोजक संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि नेपाल संवत् केवल नेवार समुदाय का ही नहीं, बल्कि समस्त नेपाली समाज का अपना मौलिक संवत् है। इसलिए इसकी परंपरा, संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखना सभी का साझा दायित्व है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों, वीरगंज एवं पर्सा जिले के नेवार समुदाय, विभिन्न जाति-समुदायों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों को नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं।

नेवा देय् दबू पर्सा के अध्यक्ष सुंदर लाल श्रेष्ठ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि वीरगंज महानगरपालिका के मेयर राजेशमान सिंह तथा विशिष्ट अतिथियों में नेपाल सरकार के पूर्व खानपान मंत्री प्रदीप यादव, वीरगंज वार्ड संख्या 4 के अध्यक्ष जगत साह कानू, नेपाल पत्रकार महासंघ पर्सा के पूर्व उपाध्यक्ष युवराज खड़का, युवा समाजसेवी सुधीर पटेल, मानव सेवा आश्रम वीरगंज के संस्थापक दिवेश मानवसेवा, वीरगंज कपड़ा बैंक के अध्यक्ष लालबाबू सिंह, नेवा पुच: के अध्यक्ष हरि वैद्य, नेवा देय् दबू वीरगंज के अध्यक्ष सत्यम खड्गी, सामाजिक अभियंता संजय श्रेष्ठ तथा इंद्र मानन्धर सहित वीरगंज के अनेक वरिष्ठ समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, महिलाएँ और युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही।