अरेराज में डीएम का औचक निरीक्षण: लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों का दिया सख्त निर्देश

53

पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने अरेराज अनुमंडल कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यालयों के कामकाज का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान पूरी प्राथमिकता के साथ किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अनुमंडल कार्यालय के सभी कक्षों का निरीक्षण किया और जनता दरबार में आने वाले मामलों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अनुमंडल न्यायालय के कार्यों की समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था और भूमि विवाद से जुड़े मामलों में धारा 163 के तहत की गई कार्रवाई और लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की, साथ ही सभी मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के वक्त जिलाधिकारी ने नाव चालकों के भुगतान से जुड़ी लंबे समय से चली आ रही समस्या को काफी गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को इस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान निकालने के कड़े निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने क्षेत्र में चल रही प्रमुख पर्यटन और विकास योजनाओं का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने अरेराज मंदिर परिसर के पास पर्यटन विभाग द्वारा बनाए जा रहे गेस्ट हाउस के निर्माण कार्यों का जायजा लिया और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही, केड़िया धर्मशाला के पास बन रहे फुट ओवरब्रिज (एफओबी) और प्रस्तावित नए गेस्ट हाउस के स्थल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वहां बिजली की समस्या सामने आने पर उन्होंने तुरंत उसके समाधान के इंतजाम कराए।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र में हाल ही में अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी जमीनों की भी समीक्षा की और अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि नियमानुसार पात्र लोगों के बीच इन जमीनों के बंदोबस्त की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए।
इस औचक निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सुजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज मिश्रा, अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी पवन कुमार झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य नारायण दीक्षित, अंचलाधिकारी विनोद पांडेय, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी निखिल कुमार और स्वच्छता पदाधिकारी पीयूष कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।