ससुराल आने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, एक साल की मासूम बच्ची के सिर से उठा पिता का साया; परिवार में पसरा मातम
मोतिहारी। बढ़ा पहाड़पुर के समीप मंगूराहा गांव के पास सड़क पर खड़े एक ट्रक में बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जगदीशपुर झखरा गांव निवासी भोला साहनी, पिता शंभू साहनी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि भोला साहनी बाइक से अपनी ससुराल दरियापुर जा रहे थे। इसी दौरान मांगरा गांव के समीप सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भोला साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी घटनास्थल की ओर पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भोला साहनी के पीछे उनकी करीब एक साल की मासूम बच्ची है। पिता की असमय मौत से मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों ने सड़क पर खड़े वाहनों के कारण होने वाले हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। घटना के बाद से मृतक के परिवार और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।










