रक्सौल। आज बुधवार को मुख्य पथ स्थित अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा कार्यों के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाये जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रक्सौल में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती अनुराधा शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोली बनाकर राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जागरूकता और सेवा भावना का अनूठा संदेश दिया।
रंग-बिरंगे रंगों से सजी रंगोली के माध्यम से राष्ट्रसेवा, एकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। रंगोली लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर सहभागिता निभाने का संकल्प भी लिया।
मौके पर उपस्थित अनुराधा शर्मा ने कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। इसी पारंपरिक कला को राष्ट्रसेवा के संदेश से जोड़कर समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि रंगों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, सेवा, एकता और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना ही कार्यक्रम का उद्देश्य है। सेवा केवल किसी एक दिन या अवसर तक सीमित नहीं, बल्कि यह समाज और राष्ट्र के प्रति निरंतर जिम्मेदारी का भाव है। आगे उन्होंने यह भी कहा कि रंगोली के प्रत्येक रंग के पीछे एक सकारात्मक संदेश निहित है। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को अपनाने, पर्यावरण की रक्षा करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिज्ञा ली गयी। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर सेवा और जिम्मेदारी का संकल्प लेगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम सह संयोजिका श्रीमती मीरा कुशवाहा ने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति की मूल भावना रही है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्रसेवा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूती मिलती है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पाण्डेय, अजय पटेल, पार्वती तिवारी, प्रेरणा तिवारी, संगीता मिश्रा, नीता कुमारी एवं आशा देवी उपस्थित रहीं।










