विश्व कल्याण के लिए बाबा श्याम मंदिर में हुआ भव्य रुद्राभिषेक, भारतीय ब्राह्मण उत्थान महासभा के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान

36

पूर्वी चंपारण स्थित बाबा श्याम मंदिर परिसर में भारतीय ब्राह्मण उत्थान महासभा के तत्वावधान में विश्व शांति, मानव कल्याण, सुख-समृद्धि एवं धर्म रक्षा की कामना को लेकर भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों, विप्र बंधुओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंडित सुबोध कुमार मिश्रा ने रुद्राभिषेक के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन परंपरा में भगवान शिव की आराधना का विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार रुद्राभिषेक करने से मनुष्य के पापकर्मों का क्षय होता है तथा पातक एवं महापातक कर्म भी नष्ट हो जाते हैं। इससे साधक में शिवत्व का उदय होता है और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव की कृपा से भक्त के सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं और जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।

पं. मिश्रा ने कहा कि शास्त्रों में वर्णित है कि सदाशिव रुद्र के पूजन से समस्त देवी-देवताओं का पूजन स्वतः संपन्न माना जाता है। जब श्रद्धा और भक्ति के साथ रुद्राभिषेक किया जाता है तो स्वयं भगवान महादेव उस अभिषेक को स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि संसार में ऐसा कोई सुख, वैभव अथवा कल्याण नहीं है, जिसकी प्राप्ति भगवान शिव की कृपा से संभव न हो। शिवलिंग का रुद्राभिषेक भगवान आशुतोष को शीघ्र प्रसन्न करने का सर्वोत्तम माध्यम माना गया है और उनकी कृपा से साधक के जीवन की अनेक बाधाएं दूर होती हैं।

उन्होंने वेदों एवं पुराणों में वर्णित रुद्राभिषेक के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि शिव भक्ति का प्रभाव अनादिकाल से स्वीकार किया गया है। धार्मिक कथाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रावण ने कठोर तपस्या एवं भगवान शिव की आराधना कर अद्भुत शक्तियां प्राप्त की थीं। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से शिव आराधना, रुद्राभिषेक एवं धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस धार्मिक अनुष्ठान में भारतीय ब्राह्मण उत्थान महासभा के जिला उपाध्यक्ष धीरू कुमार पांडे, मीडिया प्रभारी सत्यम कुमार मिश्रा, बाबा श्याम मंदिर के महंत अमित कुमार पांडे, रोशन दुबे, अमित कुमार तिवारी, दिलीप तिवारी, ओम प्रकाश मिश्रा, रविंद्र पांडे, दया शंकर तिवारी, जिला महामंत्री करण कुमार मिश्रा, उमेश चंद्र पांडे सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी, विप्र बंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भगवान शिव की आरती, प्रसाद वितरण तथा विश्व कल्याण, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्र की उन्नति की मंगलकामना के साथ हुआ