पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पहाड़पुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट के साथ एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में चोरी की बाइक के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के कुशल नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थल पर घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की।
कड़ाई से की गई पूछताछ और वाहन की सघन जांच के दौरान आरोपी के पास से बरामद हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई। इतना ही नहीं, पुलिस को चकमा देने और पहचान छिपाने की नीयत से आरोपी ने बाइक पर फर्जी व गलत नंबर प्लेट लगा रखा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सरिया अहीर टोली गांव निवासी धनी लाल यादव के पुत्र राजू कुमार के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पुलिस की इस समयबद्ध कार्रवाई से वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके पश्चात आरोपी को उपस्थापन हेतु माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।










