आदापुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 20 लीटर देसी शराब के साथ एक तस्कर समेत 19 गिरफ्तार, पियक्कड़ों में मचा हड़कंप

11

आदापुर (पूर्वी चंपारण)। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए आदापुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आदापुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस ने थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाते हुए कुल 19 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शराब तस्करों और शराब सेवन करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान 20 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान बली राम, पिता राम सूरत राम, निवासी बाजार गम्हरिया, थाना दरपा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की है।

इसके अलावा पुलिस ने दो पुराने वारंटियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें कलीमुल्लाह, पिता शेख मनीफ तथा शेख समीम, पिता शेख मनीफ, दोनों निवासी ग्राम अंधरा, थाना आदापुर शामिल हैं। दोनों को न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

वहीं शराब सेवन के आरोप में पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में दशरथ शाह, रामून कुमार, मुन्ना पासवान, रूदल राम, हरिंदर राम, प्रभु राम, राजेश राम, अनिल पटेल, धर्मेंद्र पासवान, रामायण सहनी, शंभू पासवान, मंजय कुमार, सिनोद, काशी महतो, सुखदेव यादव और धीरज मल्लि शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग गांवों और थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में शराब पीने और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थानाध्यक्ष पूजा कुमारी के नेतृत्व में लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिल रही है।

थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि बिहार सरकार की शराबबंदी नीति को हर हाल में लागू किया जाएगा और अवैध शराब कारोबार तथा शराब सेवन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह विशेष अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक कार्रवाई के लिए अग्रेषित कर दिया है। आदापुर पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है और लोग इसे शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक बड़ी सफलता मान रहे हैं।