मोतिहारी बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी तापमान बढ़ गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष रविवार को मोतिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व जिला अध्यक्ष स्वर्गीय सुरेश प्रसाद यादव की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के साथ कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

मोतिहारी पहुंचते ही तेजस्वी यादव के स्वागत में बड़ी संख्या में राजद समर्थक उमड़ पड़े। कार्यक्रम स्थल पर “तेजस्वी यादव जिंदाबाद” और “राजद जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और कई जगहों पर रोड शो जैसा माहौल देखने को मिला।
प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और जनता अब बदलाव चाहती है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि वे लगातार चुनावी सभाओं में कहते रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ज्यादा दिनों तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। ठीक वैसा ही हुआ उन्होंने दावा किया कि भाजपा खुद उन्हें हटाने का काम कि । उन्होंने कहा कि बिहार में वर्तमान गठबंधन सरकार ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है और आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।
सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर एक खास समाज और जाति के लोगों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और एनकाउंटर के नाम पर लोगों को टारगेट किया जा रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री लोगों को पेट्रोल-डीजल बचाने और सोना नहीं खरीदने की सलाह दे रहे हैं। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले समय में शायद यह भी कहा जाएगा कि लोग कपड़े पहनना छोड़ दें। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और अपराध से जनता परेशान है लेकिन सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय सिर्फ प्रचार में लगी हुई है।
तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि संघर्ष का समय जरूर है लेकिन आने वाला वक्त राजद और महागठबंधन का होगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मजबूती के साथ जनता के बीच जाएं और सरकार की नाकामियों को लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और जनता अब यह समझ चुकी है कि मौजूदा सरकार विकास के मुद्दों पर पूरी तरह फेल साबित हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में उनकी सरकार बनेगी और जनता को बेहतर शासन मिलेगा।
कार्यक्रम में राजद के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक बयानबाजी और चुनावी माहौल साफ दिखाई दिया।
मोतिहारी में तेजस्वी यादव के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राजद अब संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के अभियान में जुट गई है।
फिलहाल तेजस्वी यादव के बयान के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने की संभावना बढ़ गई है। अब देखना होगा कि सत्ता पक्ष उनके आरोपों का किस तरह जवाब देता है और आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।










