अरेराज उत्पाद पुलिस की कार्रवाई: 105 लीटर शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

195

अरेराज– बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर उतारने के लिए अरेराज उत्पाद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। इसी क्रम में उत्पाद थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के कुशल नेतृत्व में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआई उत्पल कुमार और अजित कुमार सिंह ने सशस्त्र बल के जवानों के साथ गोविंदगंज थाना क्षेत्र के बिनवलिया पुल के समीप सघन घेराबंदी की। इस तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक को रोककर जब उसकी जांच की, तो उस पर लदी भारी मात्रा में यानी कुल 105 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से ही शराब तस्कर को हिरासत में ले लिया, जिसकी पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के घुसियार बाजार निवासी सुरेंद्र राम के पुत्र मोहित कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक (पंजीकरण संख्या- BR22Z7016) को भी विधिवत जब्त कर थाने ले आई है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए धंधेबाज को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटी है। पुलिस की इस सफल छापेमारी से इलाके के अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप का माहौल व्याप्त है।