कुख्यात कमरुद्दीन उर्फ ढोलकवा की गिरफ्तारी करने वाली टीम को नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र

31

मोतिहारी। बिहार पुलिस के पुलिस महानिदेशक (DGP) द्वारा कुख्यात अपराधी कमरुद्दीन उर्फ ढोलकवा के घर पर सफल छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार बरामद करने और उसे उसकी मुखिया पत्नी समेत गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पुलिस मुख्यालय की ओर से उत्कृष्ट एवं साहसिक कार्रवाई के लिए प्रदान किया गया।

DGP द्वारा भेजे गए प्रशस्ति पत्र को हरिकिशोर राय, पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) ने अपने हाथों से संबंधित अधिकारियों को सौंपा। इस अवसर पर अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि इस कार्रवाई से जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में बड़ी सफलता मिली है।

सम्मानित होने वाले अधिकारियों में सदर डीएसपी दिलीप सिंह, रघुनाथपुर थानाध्यक्ष अलका कुमारी, तुरकौलिया थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी तथा हरसिद्धि के तत्कालीन थानाध्यक्ष सर्वेद्र कुमार सिन्हा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से 12 सितंबर 2025 को हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मुरारपुर सरिसवा गांव में कुख्यात कमरुद्दीन के घर पर छापेमारी की थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा और कारतूस बरामद किया था। यह बरामदगी क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर बड़ी चोट मानी जा रही है। मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष सर्वेद्र कुमार सिन्हा ने अपने स्वलिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।

पुलिस की तत्परता के कारण कुख्यात कमरुद्दीन उर्फ ढोलकवा और उसकी पत्नी, मुखिया फरजाना अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। वर्तमान में दोनों जेल में बंद हैं और मामले की सुनवाई न्यायालय में चल रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के मनोबल को बढ़ाने वाला है और भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और इसे क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा की दिशा में अहम कदम बताया है।

इस सम्मान से स्पष्ट है कि अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों को विभागीय स्तर पर प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे अपराधियों में भय और आम जनता में विश्वास कायम हो सके।