पहाड़पुर में अवैध शराब के साथ लुटी गई बाइक बरामद, एक गिरफ्तार

78

पहाड़पुर (पूर्वी चंपारण): पहाड़पुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बतरौलिया गांव में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध विदेशी शराब और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त हरसिद्धि थाना क्षेत्र के खोड़ीपकड़ गांव निवासी योगेंद्र चौधरी का पुत्र अंकित कुमार बताया जाता है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को बतरौलिया गांव में अवैध शराब की खेप ले जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में एक बाइक सवार को रोका। मोटरसाइकिल पर लदे नीले रंग के कैरेट की तलाशी लेने पर उसमें से 180 एमएल की 240 पीस ऑफिसर चॉइस विदेशी शराब तथा 500 एमएल की 23 पीस किंगफिशर स्ट्रांग बियर बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 54.700 लीटर आंकी गई है।
मामले की गहन जांच के दौरान जब जब्त मोटरसाइकिल के कागजात और पुलिस रिकॉर्ड का मिलान किया गया, तो पता चला कि उक्त बाइक भोपतपुर थाना कांड संख्या 224/23 के तहत दर्ज लूट की घटना से संबंधित है। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस मामले में संलिप्त अन्य संभावित नेटवर्क का भी पता लगा रही है।