मोतिहारी, पूर्वी चंपारण — वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से प्राप्त निर्देश के आलोक में परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 25 फरवरी 2026 तक चलेगी।
मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 72,654 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा संचालन के लिए सदर मोतिहारी अनुमंडल में 30, अरेराज में 6, सिकरहना में 9, पकड़ीदयाल में 5, रक्सौल में 5 और चकिया अनुमंडल में 12 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी—पहली पाली सुबह 9:30 से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहली पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 9:00 बजे और दूसरी पाली के परीक्षार्थियों को 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। विलंब से आने वाले छात्रों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर चार-चार स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही गश्ती दल दंडाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण और फोटोस्टेट दुकानों पर निगरानी का विशेष दायित्व दिया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहेंगे। कई वरीय अधिकारियों को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है ताकि परीक्षा की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि सभी पदाधिकारी सुबह 7:00 बजे तक अपने-अपने केंद्रों पर योगदान सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा केंद्रों के अंदर अनाधिकृत प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और परीक्षार्थियों की सघन जांच होगी।
मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, पेजर, घड़ी या किसी भी प्रकार की चिट-पुर्जा ले जाना सख्त मना है। कदाचार करते पकड़े जाने या उसे बढ़ावा देने वालों पर बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम 1981 तथा माननीय पटना उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्राधीक्षकों को सीट प्लान मुख्य द्वार और सूचना पट पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा के दौरान दंडाधिकारी, वीक्षक और उड़नदस्ता दल के अधिकारी मोबाइल फोन लेकर केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे। मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। परीक्षा अवधि में सुबह 6:00 बजे से नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा, जिसका नंबर 06252-242418 जारी किया गया है।
ब्रीफिंग के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ने भी सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।










