गोविंदगंज पहाड़पुर प्रखंड के निवासी एवं राजा राम प्रसाद के पुत्र, CRPF जवान रवि रंजन की मणिपुर में शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इस वीर जवान की बलिदान की खबर सुनकर स्थानीय लोग गहरे दुख में डूब गए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने शहीद के परिजनों से फोन पर बात कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “रवि रंजन की शहादत न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। हम सभी इस वीर सपूत को नमन करते हैं।”
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ई० शशि भूषण राय (गप्पू राय) ने भी शहीद के पार्थिव शरीर के दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार से मिलकर संवेदना जताई। उन्होंने कहा, “भगवान शहीद रवि रंजन की आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल दें। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।”
इस भावुक अवसर पर ब्रजभूषण श्रीवास्तव, ओसैदूर रहमान खान, रवि रंजन नेता सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद जवान की वीरता को सलाम किया और उनके परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
शहीद रवि रंजन की शहादत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि हमारे जवान देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं हटते। पूरा क्षेत्र इस वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।










