मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत 35 बच्चे हुए रवाना, अहमदाबाद में होगी निःशुल्क सर्जरी 

298

मोतिहारी, 13 फरवरी: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत जिले के हृदय रोग से पीड़ित 35 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए उनके अभिभावकों के साथ पटना भेजा गया। मंगलवार सुबह 6:30 बजे सदर अस्पताल मोतिहारी से मुख्य सिविल सर्जन (सीएस) डॉ. रविभूषण श्रीवास्तव ने 11 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान, पटना के लिए रवाना किया।

सीएस डॉ. रविभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पटना में इन बच्चों की स्क्रीनिंग की जाएगी। सामान्य रोगों से पीड़ित बच्चों का वहीं इलाज होगा, जबकि गंभीर हृदय रोग वाले बच्चों को हवाई मार्ग से अहमदाबाद स्थित  सत्य साईं हॉस्पिटल भेजा जाएगा, जहां उनके दिल में छेद की निःशुल्क सर्जरी कराई जाएगी।

अप्रैल 2024 से अब तक 98 बच्चों की हुई स्क्रीनिंग 

आरबीएसके की डीसी डॉ शशि मि.श्रा ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत अप्रैल 2024 से अब तक 98 बच्चों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। इसी क्रम में मंगलवार को 35 बच्चों को इलाज के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि जिला पूर्वी चंपारण स्क्रीनिंग के मामले में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।अब तक जिले के 115 बच्चों की निःशुल्क सर्जरी कराई जा चुकी है।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि जिले के 20 प्रखंडों से आए बच्चों को पटना भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के प्रति मीडिया के सहयोग से जागरूकता बढ़ी है, जिससे अब हर प्रखंड के लोग इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।

सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर होती है स्वास्थ्य जांच  

जिले के सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर स्क्रीनिंग की जाती है। यदि किसी बच्चे में हृदय रोग के लक्षण पाए जाते हैं, तो उसे विशेष इलाज के लिए एम्बुलेंस से पटना रेफर किया जाता है। गंभीर रूप से पीड़ित बच्चों को सत्य साईं हॉस्पिटल, अहमदाबाद उनके अभिभावकों के साथ भेजा जाता है। वहां रहने, खाने, इलाज और हवाई यात्रा की पूरी व्यवस्था निःशुल्क की जाती है।

बच्चों को भेजने में इन चिकित्सा पदाधिकारियों का अहम योगदान

रक्सौल अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन सहित अरेराज, संग्रामपुर, पताहीं, छौड़ादानो, कल्याणपुर, बंजरिया, तुरकौलिया, सुगौली, हरसिद्धि, रामगढ़वा और मधुवन के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों  का भी इस अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

मौके पर उपस्थित अधिकारी

इस मौके पर सीएस डॉ. रविभूषण श्रीवास्तव, आरबीएसके डीसी डॉ. शशि मिश्रा, फार्मासिस्ट मारकंडे कुमार सिंह, दिलीप कुमार, पंकज कुमार सिंह, नौशाद अहमद, उपेंद्र राय, सिफार के डीसी सिद्धांत कुमार समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना  के तहत जिले में हो रहे सफल स्क्रीनिंग और सर्जरी से हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को नया जीवन मिल रहा है। यह योजना बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए वरदान साबित हो रही है।