पकड़ीदयाल में युवक की हत्या: चार दोस्तों पर हत्या का आरोप, तीन गिरफ्तार

612

मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव लावारिस हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचित किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान अजगरी गांव निवासी विवेक सिंह (35) के रूप में हुई, जो मथुरा सिंह के बेटे थे।

सिर में गोली मारकर की गई हत्या 

पुलिस के अनुसार, विवेक सिंह की हत्या सिर में गोली मारकर की गई। आरोप है कि विवेक के चार दोस्तों ने उन्हें घर से बुलाया और फिर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के महज एक घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी ने बताई आखिरी मुलाकात की बात  

मृतक की पत्नी काजल देवी ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे विवेक अपने दोस्तों ललित सिंह उर्फ विजय सिंह, प्रिंस सिंह, रौशन सिंह और रंजीत सिंह के साथ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। अगले दिन सुबह उनके शव खेत में पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर जाकर देखा गया कि उनके सिर में गोली लगी हुई थी।

जमीन विवाद हो सकता है हत्या की वजह 

जानकारी के मुताबिक, विवेक सिंह बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करते थे और स्मार्ट मीटर लगाने की जिम्मेदारी संभालते थे। इसके अलावा वह वीआई मार्केटिंग से भी जुड़े थे। उनके मधुर स्वभाव के कारण समाज में उनका अच्छा नाम था।

सूत्रों के अनुसार, विवेक का एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि उनके दोस्त प्रेम सिंह और ललित सिंह उस जमीन को अपने नाम करवाना चाहते थे। विवेक के इनकार के बाद उनकी हत्या कर दी गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

मोतिहारी एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों- ललित सिंह, प्रिंस सिंह और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, रौशन सिंह और रंजीत सिंह की तलाश जारी है। पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।

परिवार में शोक, गांव में दहशत 

इस घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। विवेक सिंह की हत्या ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से दोषियों को जल्द सख्त सजा दिलाने की मांग की है।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।