पूर्वी चंपारण, 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पूर्वी चंपारण जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभा भवन में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ, कर्मियों और प्रतियोगिताओं में विजयी छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता श्री मुकेश कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें यहां के मतदाताओं की सक्रियता और जागरूकता के कारण मजबूत हैं। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने से एक दिन पहले 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी। 2011 से इस दिन को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
लोकतांत्रिक प्रणाली सर्वश्रेष्ठ शासन प्रणाली
अपर समाहर्ता ने कहा कि लोकतंत्र दुनिया की सर्वोत्तम शासन प्रणाली है क्योंकि इसमें नागरिकों को अपनी सरकार चुनने का सीधा अधिकार दिया गया है। उन्होंने मताधिकार को सबसे बड़ा और प्रभावी अधिकार बताते हुए प्रत्येक नागरिक से मतदान के समय इसका अवश्य प्रयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चुनाव दर चुनाव मतदान प्रतिशत बढ़ना इस बात का प्रमाण है कि मतदाता जागरूक हो रहे हैं।
नगर आयुक्त और अन्य अधिकारियों का संबोधन
नगर आयुक्त सौरभ सुमन यादव ने भारतीय लोकतंत्र और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र के स्तर पर दुनिया में सबसे बेहतर है।
अपर समाहर्ता लोक शिकायत श्री शैलेंद्र भारती ने मतदाता सूची में युवा वर्ग और महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता अभियान की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को कट-ऑफ डेट तय की गई है, जिससे युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का बेहतर मौका मिलेगा।
उप विकास आयुक्त श्री शंभू शरण पांडे ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर लोकतंत्र के गौरवशाली सफर की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा जिलाधिकारी को सम्मानित किया जाना चंपारण के लिए गर्व की बात है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता
उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सरफराज अहमद ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की उपलब्धियां बताईं। उन्होंने कहा कि पिछली लोकसभा चुनाव में जिले का मतदान प्रतिशत राज्य के औसत से अधिक था, लेकिन इसे और बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
बीएलओ और छात्रों का सम्मान
कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ और लोकसभा चुनाव में योगदान देने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले स्कूली बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।
मतदाता शपथ और जागरूकता नारा
कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई गई। साथ ही, “वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम” का नारा देकर मतदान के महत्व को दोहराया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, छात्र और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं को जागरूक करने का संदेश दिया।










