मोतिहारी में लगा नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर

283

कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण से दिव्यांगों का जीवन अब हो जाएगा आसान: महापौर प्रिति कुमारी
रोटरी क्लब का नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर शुरू
पहले दिन टीम ने सौ दिव्यांगों के पैर व हाथ की ली मापी
शिविर में शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र से भी पहुंचे थे दिव्यांग

मोतिहारी के नवयुवक पुस्तकालय परिसर में रोटरी क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर में भगवान महाबीर विकलांग सहायता समिति, रांची का सहयोग हासिल है। शिविर का समापन मंगलवार को होगा। सोमवार को बड़ी संख्या में दिव्यांगों ने भाग लिया, जिनकी जांच की गई। रोटरी क्लब ने पिछले एक माह से शिविर के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया था, जिसमें 200 से अधिक दिव्यांगों ने रजिस्ट्रेशन किया था।

टीम ने पहले दिन लगभग सौ लोगों के पैर और हाथों का माप लिया। महापौर प्रिति गुप्ता, नगर आयुक्त सौरभ सुमन यादव, उप महापौर लालबाबू गुप्ता और रोटरी क्लब मोतिहारी के अध्यक्ष डॉ विवेक गौरव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। महापौर ने कहा कि दिव्यांगजनों का जीवन कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण से अब आसान हो जाएगा।

रोटरी की यह पहल न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि अनुकरणीय भी है। नगर आयुक्त ने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा आयोजित नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर ने समाज सेवा के क्षेत्र में एक नए मानक की स्थापना की है। उप महापौर ने कहा कि रोटरी क्लब का समाजसेवा में योगदान वास्तव में सराहनीय है।

विशाल संख्या में जरूरतमंद व्यक्तियों को नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रदान करना एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। रोटरी क्लब ऑफ मोतिहारी के अध्यक्ष डॉ. विवेक गौरव ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि क्लब द्वारा शुरू किए गए ऑनलाइन पंजीकरण के तहत दो सौ दिव्यांगजनों ने अपना पंजीकरण कराया है।

वहीं ऑन द स्पॉट भी रजिस्ट्रेशन का कार्य चल रहा। पहले दिन सौ दिव्यांगों के पैर व हाथ की मापी ली गई। कृत्रिम अंग तैयार कर सभी दिव्यांगों को लगाया जाएगा। रो अभिमन्यु कुमार ने रोटरी क्लब के द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी उपस्थित सभा को दी। रोटरी सचिव अरविंद सराफ ने कार्यक्रम उम्मीद की किरण पर प्रकाश डाला। धन्यवाद ज्ञापन विभूति नारायण सिंह ने एवं मंच संचालन कार्यक्रम प्रभारी राहुल अग्रवाल ने किया।

रोटरी क्लब के मनीष कुमार, संजय जायसवाल, डॉ. एलबी प्रसाद, डॉ. सुबोध कुमार, राजीव जायसवाल, अभिषेक केडिया, रोहित शाह, विकास कुमार, डॉ सुधीर कुमार और डॉ बिनेश चौधरी समेत कई सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल थे। सीता देवी-ओंकारनाथ जालान सेवा संस्थान द्वारा संचालित अन्नपूर्णा रसोई में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिवार के सदस्यों ने भोजन किया।