आयुष्मान कार्ड बनवाने का सुनहरा मौका, 5 लाख तक का होगा मुफ्त इलाज

224

मोतिहारी. मोतिहारी में आगामी 18 से 31 जुलाई तक मुफ्त आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे. आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 18 जुलाई से 31 जुलाई 2024 तक जिले के प्रत्येक जन वितरण प्रणाली की दुकान पर आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर शिविर आयोजित किए जाएंगे. इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. वैसे लोग जिनका नाम राशन कार्ड में है, उनका मुफ्त आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा.
आयुष्मान कार्ड निर्माण के पात्र लाभार्थियों को आशा, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका, डीलर, आवास सहायक और विकास मित्र द्वारा लोगों को अपने-अपने क्षेत्र में उत्प्रेरित किया जाएगा.

इस कार्ड से प्रति वर्ष प्रति परिवार पाँच लाख रुपये तक का होता है निःशुल्क इलाज  

अभी तक मोतिहारी जिले में 62% लोगों का बन चुका है कार्ड : डीपीसी जयंत कुमार 

जिले में 31 जुलाई तक आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य कार्ड बनाने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने सभी जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि 18 से 31 जुलाई तक “विशेष अभियान” चलाकर सभी योग्य व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड निर्गत किया जाए। ज्ञात हो कि राज्य में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का क्रियान्वयन पात्र लाभार्थियों को प्रति वर्ष प्रति परिवार पाँच लाख रुपये तक के निःशुल्क चिकित्सा प्रदान की जा रहीं है। राज्य सरकार के संकल्प द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को संपूर्ण रूप से स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के क्रम में प्रथम 1,21,10,525 परिवारों को एबी-पीएमजय से आच्छादित करने के पश्चात् राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों के डेटाबेस से शेष बचे लाभार्थियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल किया जा रहा है। जिले के आयुष्मान भारत के डीपीसी जयंत कुमार ने बताया कि योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी पात्र लाभार्थियों को योजना से संबंधित कार्ड निर्माण कर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया की जिले में 45 लाख 21 हजार 262 बेनिफिसिरी है जिनमें 11 लाख 43 हजार 20 एप्रूव हो चुके है। 62.64 प्रतिशत लोगों का कार्ड निर्गत हो चुका है। कार्ड निर्गत करने के लक्ष्य प्राप्त करने हेतु 31.07.2024 तक जिले में विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर कई प्रकार की गतिविधि भी की जाएगी। जन वितरण प्रणाली दुकानों पर शिविर लगाया जाएगा। जिला स्वास्थ्य समिति के अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों, विशेषकर पंचायती राज निकायों के साथ वार्ता और शिविर के सफल संचालन में सहयोग हेतु अपील की जाएगी। ग्राम पंचायतों के जन वितरण प्रणाली दुकानों में शिविर के आयोजन एवं योजनाओं के लाभ के विषय में प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

 प्रत्येक राशन कार्ड धारी को पांच लाख तक इलाज की सुविधा दी जाएगी

आयुष्मान कार्ड कामन सर्विस सेंटर, पीडीएस डीलर, जीविका दीदी को आयुष्मान कार्ड बनाने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से बचे हुए लाभार्थी को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से जोड़ा गया है। प्रत्येक राशन कार्ड धारी को पांच लाख तक इलाज की सुविधा दी जाएगी। चिह्नित लाभुक अपना आधार कार्ड, राशन कार्ड और आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर के साथ अपना कार्ड बनावा सकते हैं। जिले में विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक चिह्नित लाभुकों को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित किया जाएगा।