सिकरहना नदी के जलस्तर का लिया जाएगा।
बाढ़ पूर्व तैयारियों की की गई समीक्षा।
अंचलाधिकारी सुगौली और कार्यपालक अभियंता नहर प्रमंडल सिकरहना को दिया गया जरूरी निर्देश।
राजनिश रवि ,मोतिहारी। सदर एसडीओ अनुपम श्रेष्ठ ने शुक्रवार को सुगौली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। थाना के मुख्य गेट से अमीर खां टोला की ओर जाने वाले पथ में गंदगी को देख एसडीओ भड़क उठे। उन्होंने लोगों से कहा कि सड़क के किनारे कूड़ा-कचरा फेंक कर गंदगी न फैलाएं। इससे अनेक तरह की बीमारियां होती हैं। उन्होंने कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि यदि किसी के द्वारा ऐसा किया गया तो प्रशासन के द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से कहा कि सरकार के द्वारा मिलने वाली सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। किसी को कोई परेशानी नही हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय अधिकारी बाढ़ को लेकर सजग हैं। तत्काल राहत सामग्री का वितरण कराया जाएगा। वहीं, प्रखंड की उत्तरी छपरा बहास पंचायत के भवानीपुर में सिकरहना नदी से हो रहे कटाव का भी जायजा सदर एसडीओ ने लिया। उन्होंने हो रहे कटाव को करीब से देखा और स्थानीय लोगो से विस्तृत जानकारी ली। 
मोतिहारी सदर एसडीओ अनुपम श्रेष्ठ के द्वारा बाढ़ पूर्व तैयारी की धरातल पर जायजा लेने के लिए पूर्वी चंपारण जिला के सुगौली अंचल का भ्रमण किया गया।इस दौरान अंचल के माली, बेलबतिया एवं गौरीगांवा पंचायत का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से मिलकर फीडबैक प्राप्त किया गया। सदर एसडीओ के द्वारा सिकरहना नदी की धारा एवं जलस्तर का मुआयना किया गया। इस अवसर पर अंचलाधिकारी सुगौली श्री कुंदन कुमार एवं कार्यपालक अभियंता नहर प्रमंडल सिकरहना भी मौजूद थे।
सदर एसडीओ ने अंचल अधिकारी के साथ बाढ़ पूर्व तैयारी की समीक्षा की और बाढ़ तैयारी संबंधी एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया)के अनुसार सभी व्यवस्थाओं को अपडेट रखने का निर्देश दिया। अंचलाधिकारी को नदी के जलस्तर एवं वर्षा पर लगातार नजर बनाए रखने और क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों से मिलकर फीडबैक प्राप्त करते रहने का निर्देश दिया गया। बाद में अंचलधिकारी के द्वारा लालपरसा, निमुइया,
उतरी बारी टोला एवं दक्षिणी बारी टोला का भ्रमण किया गया।










